न डरेंगे, न झुकेंगे, सरकार नहीं मानी तो ऐसे ही हड़ताल पर रहेंगे
-रोडवेज कर्मचारियों ने निकाला शहर में जुलूस, की नारेबाजी
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। न डरेंगे न हटेंगे, मांगे न मानी तो हड़ताल पर रहेंगे। हरियाणा सरकार मुर्दाबाद के नारे लगाए। हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों के साथ-साथ अन्य विभागों के कर्मचारी शहर में जुलूस निकालते हुए मुख्यमंत्री के राजनैतिक सचिव दीपक मंगला के निवास पर पहुंचे। वहां उन्होंने मंगला के निवास का घेराव कर प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। इसके बाद मंगला के पुत्र को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन दिया गया।
छह दिन से चल रही रोडवेज कर्मचारियों की इस हड़ताल के दौरान जहां कर्मचारी प्रदर्शन करने में लगे हुए हैं, वहीं सरकार के आदेश पर पुलिस व प्रशासन रोडवेज की बसों को बाहर से चालक बुलवा व पुलिस विभाग में चालक के पद पर कार्यरत कर्मचारियों से बसों को चलवा रही है। रविवार को रोडवेज कर्मचारियों के साथ अन्य कर्मचारी संगठनों के नेता सुबह ही बस अड्डा परिसर में पहुंच गए। वहां पहुंचने के बाद कर्मचारियों ने धरना देना शुरू कर दिया। बाद में बैठक कर शहर में जुलूस निकालने तथा सीएम के राजनैतिक सचिव को ज्ञापन देने का निर्णय लिया गया। उसके बाद कर्मचारी एकत्रित होकर बस अड्डा परिसर से जुलूस के रूप में चल शहर का चक्कर लगाते हुए मीनार गेट, कमेटी चौक, पातली गेट, हाउसिंग बोर्ड के सामने से होते हुए मुख्यमंत्री के राजनैतिक सचिव दीपक मंगला के निवास पर पहुंच गए तथा निवास का घेराव कर नारेबाजी करनी शुरू कर दी। काफी देर नारेबाजी कर कर्मचारियों ने मंगला की गैर मौजूदगी में उनके पुत्र को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कर्मचारी नेताओं गंगाराम, श्रीपाल भाटी, योगेश शर्मा, बनवारी लाल, अनिल कुमार, रामबीर पांचाल सहित अन्य कर्मचारी नेताओं का कहना था कि किलोमीटर स्कीम के तहत परिवहन बेड़े में 720 निजी बसें शामिल करने व पूर्व में हुए समझौते लागू ना होने के विरोध में वे जब तक हड़ताल पर डटे रहेंगे, जब तक सरकार अपने आदेशों को वापिस नहीं लेगी तथा सरकार व प्रशासन की दमन व तानाशाहीपूर्ण कार्रवाई के आगे कर्मचारी नहीं झुकेंगे।
पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी भी बस अड्डा परिसर पर मुस्तैद
रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल के चलते पुलिस व प्रशासन भी बस अड्डा परिसर में डटा हुआ है तथा किसी भी तरह के विवाद से निपटने को तैयार हैं। पुलिस कर्मी व बाहर से बुलाए चालकों द्वारा बसों को चलाकर सवारियां उनके गणतव्यों तक पहुंचाई जा रही हैं। सवारियों को बसों में बैठाने में भी पुलिस कर्मी लगे हुए हैं।