मुख्यमंत्री किसान एवं खेतिहर मजदूर जीवन सुरक्षा योजना के तहत मार्केट कमेटी ने दी आर्थिक सहायता
संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। मुख्यमंत्री किसान एवं खेतिहर मजदूर जीवन सुरक्षा योजना के तहत मार्केट कमेटी की ओर से बड़ेड गांव निवासी अरफीना को 1.25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। बुधवार को मार्केट कमेटी कार्यालय में चेयरमैन महादेव पटेल पहलवान ने सहायता राशि का चेक सौंपा। चेयरमैन ने बताया कि खेत में काम करते समय अरफीना की चार उंगलियां और अंगूठा कट गया था। योजना के प्रावधानों के तहत उन्हें एक अंग कटने की श्रेणी में 1.25 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक दिया गया है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत दुर्घटना में किसान या खेतीहर मजदूर की मृत्यु होने पर आश्रितों को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। एक उंगली कटने पर 37,500 रुपये, एक अंग कटने पर 1.25 लाख रुपये और दो अंग कटने पर 1.87 लाख रुपये की सहायता राशि का प्रावधान है। दुर्घटना होने पर इसकी सूचना तुरंत संबंधित मार्केट कमेटी कार्यालय में दी जानी चाहिए।