पाकिस्तान जिंदाबाद नारे लगाने वालों पर केस दर्ज
हथीन। एक क्रिकेट मैच की जीत के बाद कथितरूप से पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए जाने के मामले में हथीन थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना के कार्यकारी प्रभारी इलियास खान ने बताया कि इस मामले में गांव हुडीथल निवासी रमेश की लिखित शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मिली शिकायत के मुताबिक 18 फरवरी को गांव हुडीथल में क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मैच में गांव मनकाकी ने हुडीथल को हरा फाइनल मैच में अपना स्थान बनाया। गांव मनकाकी निवासी कल्लू, सज्जा व उनके दस-बारह अन्य साथियों ने पाकिस्तान जिंदाबाद के कथितरूप से नारे लगाए। शिकायत में कहा गया है कि उन्हें शक है कि उक्त लोग संदिग्ध गतिविधियों में भी भाग ले सकते हैं। इस मामले में सोशल मीडिया पर भी एक वीडियो चल रही है। घटना की जानकारी मिलते ही श्री रामयुवा संगठन के प्रधान अनिल कौशिक, बजरंग दल के भारतभूषण एवं हुडीथल गांव के अन्य लोग हथीन थाना में आए और लिखित शिकायत थाना प्रभारी को दी। ब्यूरो