कार सवार युवक पर चलाई गोलियां, बाल-बाल बचा
पलवल। चांदहट क्षेत्र के गांव शेखपुर स्थित श्मशानघाट के पास कार सवार व्यक्ति पर जान से मारने की नियत से बाइक सवार युवकों ने गोली चला दी और मौके से फरार हो गए। गनीमत यह रही कि गोली लगने से पीड़ित बाल-बाल बच गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी महानंद कुमार के अनुसार पलवल के गांव हंसापुर निवासी लखनपाल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि वह 2 जनवरी को अपनी वैगन आर कार में सवार होकर गांव मखनपुर से अपनी बुआ के घर से आ रहा था। जब पीड़ित गांव शेखपुर के श्मशानघाट के समीप पहुंचा तो सामने दो बाइक पर चार नकाबपोश युवक बैठे थे जिन्होंने पीड़ित को देखते ही गोली चला दी और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने शक जाहिर किया है कि उस पर गोली चलाने वाले गांव पहलाद निवासी रणबीर, बलवंत, सुखदेव व बीना थे। ब्यूरो
सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह में होगी इस बार 100 विवाह
पलवल। प्रमुख समाज सेवी संस्था श्री वैश्य अग्रवाल विवाह समिति आगामी 24 फरवरी को एक विशाल सर्व जातीय सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन महर्षि दयानंद आगरा चौक स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में आयोजित करेगी। यह जानकारी समिति के संस्थापक एवं संयोजक ओम प्रकाश गुप्ता ने एक भेंट वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि इस बार इस कार्यक्रम में 100 जोड़ों का विवाह करवाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।पंजीकरण केंद्र समिति के कार्यालय ओम प्लाजा में शुरू कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया की इस समारोह में शामिल होने वाली सामान्य परिवार की बीसी युवती को 11 हजार रुपए, बीपीएल एससी परिवार की कन्या को 41 हजार रुपए , किसी भी जाति की विधवा की कन्या को तथा अनाथ कन्या को 51 हजार रुपए एवं अंतर्जातीय विवाह करने वाली युवती को ढाई लाख रुपए हरियाणा सरकार की मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना के अंतर्गत प्राप्त कर सकते हैं। जिसके लिए उन्हें स्वयं आवेदन करना होगा। ब्यूरो