जिला परिषद की बैठक रद्द होने पर जमकर हंगामा
- पार्षद ने चेयरपर्सन चमेली देवी को किया गाड़ी से खींचने का प्रयास
- चालक ने गाड़ी बढ़ाई तो गिरी पार्षद, दोनों तरफ से दी गई पुलिस में शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। जिला परिषद की सोमवार को होने वाली बैठक अचानक कार्यकारी अधिकारी के छुट्टी पर जाने के कारण रद्द हो गई। वहीं, इसकी सूचना मिलते ही पार्षदों ने हंगामा कर दिया। हंगामा इतना बढ़ गया कि पार्षदों ने जहां गाड़ी में से चेयरपर्सन को बाहर खींचने का प्रयास किया, वहीं चेयरपर्सन ने अपने बचाव में जैसे ही चालक से कहकर गाड़ी आगे बढ़वाया तो महिला पार्षद सड़क पर जा गिरी। अब यह विवाद इतना बढ़ गया है कि दोनों तरफ से मामला पुलिस थाने तक जा पहुंचा है। इस मामले में जहां चेयरपर्सन महिला पार्षद व उनके पति पर हाथापाई कर गाड़ी से खींचकर मारने का आरोप लगा रही है, वहीं महिला पार्षद ने चेयरपर्सन के खिलाफ गाड़ी से कुचलने की कोशिश का आरोप लगाया है।
पलवल जिला परिषद के कुछ पार्षदों द्वारा गत दिनों चेयरपर्सन व कार्यकारी अधिकारी पर पिछले 10 माह से बैठक न करने का आरोप लगाते हुए उपायुक्त को ज्ञापन दिया गया था। इसके अलावा पार्षदों ने मुख्यमंत्री को भी पत्र लिखकर चेयरपर्सन पर बैठक न करने तथा विकास कार्यों में भेदभाव करने का आरोप लगाया था। पार्षदों की इस नाराजगी को देखते हुए सोमवार को जिला परिषद की बैठक बुलाई गई थी। बैठक की जानकारी सभी जिला पार्षदों को एजेंडा सहित भिजवा दी गई थी लेकिन सोमवार को जैसे ही सुबह 10 बजे पार्षद बैठक के लिए परिषद कार्यालय में पहुंचे तो वहां चेयरपर्सन चमेली देवी ने आकर बताया कि बैठक रद्द कर दी गई है, क्योंकि परिषद के कार्यकारी अधिकारी व अतिरिक्त उपायुक्त बीमार होने के कारण छुट्टी पर चले गए हैं। उन्होंने पार्षदों को कार्यकारी अधिकारी का छुट्टी वाला पत्र भी दिखाया।
बैठक रद्द होने की जानकारी जैसे ही पार्षदों को मिली तो वे नाराज हो गए तथा हंगामा शुरू कर दिया। चेयरपर्सन से नाराज कुछ पार्षद कार्यालय के बाहर मैदान में आकर बैठ गए। उधर चेयरपर्सन अंदर कार्यालय में कुछ देर बैठने के बाद जैसे ही जाने लगीं तो नाराज पार्षद उनके पीछे चल दिए। चेयरपर्सन चमेली देवी जैसे ही गाड़ी में बैठी तो वार्ड दो की पार्षद आशावती ने उन्हें गाड़ी से बाहर खींचने का प्रयास किया। पार्षदों की इस हरकत व अपने प्रति गुस्से को देख चमेली देवी ने चालक से कहकर गाड़ी आगे बढ़ाने कहा। जैसे ही चालक ने गाड़ी चलानी शुरू की तो चेयरपर्सन चमेली देवी को खींचने वाली पार्षद आशावती गिर पड़ी और चालक गाड़ी लेकर चला गया। इस घटना के बाद विवाद और बढ़ गया है।
घटना के बाद चमेली देवी ने कैंप थाना पुलिस में शिकायत देकर आरोप लगाया कि पार्षद आशावती और उनके पति सहित कुछ और पार्षदों ने उसके साथ हाथापाई कर उन्हें जान से मारने की कोशिश की। वहीं दूसरी तरफ पार्षद आशावती ने कैंप थाने में शिकायत दी है कि चेयरपर्सन चमेली देवी ने अपने चालक से कहकर उनके ऊपर गाड़ी चढ़वाने का प्रयास किया। दोनों तरफ से पुलिस में शिकायत जाने के बाद अब मामला बढ़ गया है।
सोमवार को बैठक होनी थी लेकिन कार्यकारी अधिकारी छुट्टी पर चले गए, इस कारण बैठक रद्द करने की सूचना मैंने पार्षदों को दे दी। पार्षदों ने मेरे साथ हाथापाई करने तथा मुझे मारने का प्रयास किया। वार्ड दो की पार्षद आशावती और उनके पति सहित कुछ पार्षद मुझे मारना चाहते हैं। परिषद के वाइस चेयरमैन संतराज बैसला पार्षदों के सहयोग से मुझे चेयरपर्सन पद से हटवाकर स्वयं कार्यकारी चेयरमैन बनना चाहते हैं। वे साजिश रचकर ऐसी हरकतें करवा रहे हैं। मैंने पुलिस थाने में शिकायत दे दी है। इस घटना को लेकर जल्द ही सीएम से मिलूंगी। -चमेली देवी, चेयरपर्सन जिला परिषद पलवल
मेरे ऊपर जिला परिषद की चेयरपर्सन चमेली देवी ने अपने चालक से कहकर गाड़ी चढ़वाने का प्रयास किया। वह तो उनके पति व पार्षदों ने मुझे बचा लिया। इस बारे में कैंप थाने में शिकायत दे दी गई है। सभी पार्षद जल्द ही मुख्यमंत्री से मिलकर घटना की सारी जानकारी देंगे। -आशावती, जिला पार्षद, वार्ड दो
मेरा इस मामले से कोई लेनादेना नहीं था। चेयरपर्सन और पार्षद के बीच कहासुनी हुई। पार्षद को गाड़ी से कुचलने का प्रयास किया गया। हमारे द्वारा पार्षद के साथ मिलकर पुलिस थाने में शिकायत दे दी गई है।
-संतराम बैसला, वाइस चेयरमैन, जिला परिषद