पुलिस पर पथराव कर गोमांस विक्रेता को छुड़ाया, तीन घायल
हथीन। गांव गुराकसर में एक गोमांस विक्रेता के घर पुलिस ने छापा मारकर 62 किलोग्राम बीफ, छुरी , कुल्हाड़ी एवं तराजू - बाट आदि सामान बरामद किया है। गोमांस विक्रेता को उसके परिजनों ने छापा मारने पहुंची टीम पर पथराव कर छुड़ा लिया। पथराव में तीन लोग घायल हो गए हैं। इनमें एक गोरक्षक और दो पुलिस कर्मी हैं।
गोरक्षक व श्रीराम युवा संगठन के अध्यक्ष अनिल कौशिक ने हथीन थाना पुलिस को गोमांस विक्रेता मुफीद उर्फ कल्ला व उसका पिता आस मोहम्मद उर्फ आंसू तथा कल्ला की मां व पत्नी के खिलाफ लिखित में शिकायत देकर मामला दर्ज कराया है। पुलिस को दी अपनी शिकायत में अनिल ने बताया कि सुबह 5 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि गुराकसर गांव में मुफीद उर्फ कल्ला पुत्र आस मौहम्मद उर्फ आसू व उसकी मां एवं पत्नी सभी मिलकर घर में गोमांस बेच रहे हैं। सूचना मिलने पर गोरक्षक अनिल कौशिक, बजरंग दल के संयोजक भारत भूषण शर्मा , विष्णु जांगड़ तथा शंकर पांचाल हथीन थाना पहुंचे और मामले की जानकारी दी। पुलिस ने छापा मारकर कल्ला के घर से 62 किलो बीफ बरामद किया। टीम ने जब कल्ला को काबू करना चाहा तो उसके परिजनों ने पथराव कर उसे छुड़ा लिया। पथराव में एक गोरक्षक शंकर पांचाल व दो पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। पुलिस ने अनिल कौशिक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।