पूर्व पार्षद के घर रंगदारी मांग, जान से मारने की धमकी दी
पलवल। बेटे की शादी के लिए धमकी देकर एक व्यक्ति से दस लाख रुपये की मांग करने का मामला प्रकाश में आया है। कैंप थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर एक नामजद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी नरेंद्र ने बताया कि पलवल की न्यू कॉलोनी निवासी पूर्व पार्षद चंदीराम गुप्ता के घर बृहस्पतिवार की सुबह 9 बजे गांव बंचारी निवासी प्रताप और उसका एक साथी आया। जिसने आते ही कहा कि उसके बेटे की शादी है। जिसके लिए उसे दस लाख रुपये चाहिए। पीड़ित का आरोप है कि धमकी देते हुए कहा कि रुपये नहीं दिए तो वह उसे जान से मार देगा। पीड़ित का आरोप है कि उक्त व्यक्ति के खिलाफ पहले भी एक मामला दर्ज है जिसकी तफ्तीश सीआईए द्वारा की जा रही है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
दुकान से चोर ले गए छह लाख की नकदी
पलवल। शहर थाना क्षेत्र अंतर्गत इलेक्ट्रिीशियन की दुकान का दरवाजा तोड़कर चोर लाखों रुपये की नकदी को चोरी कर ले गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी विजय सिंह के अनुसार पलवल के इंद्रपुरी मोहल्ला निवासी अश्वनी कुमार ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है कि मीनार गेट के समीप उसकी इलेक्ट्रिीशियन की दुकान है। दुकान में छह लाख की नकदी रखी हुई थी। उन्होंने बताया कि छह मार्च की रात को चोर दुकान का दरवाजा तोड़कर नकदी उड़ा ले गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।