पलवल। स्वास्थ्य विभाग द्वारा चल रहे कोरोना टीकाकरण में स्वास्थ्यकर्मियों का रुझान नहीं दिख रहा है। शनिवार को जहां 330 कर्मियों को टीका लगाने का लक्ष्य तय किया गया था, वहीं 217 ही पहुंचे जबकि 113 कर्मचारी अनुपस्थित रहे।
जिला सिविल सर्जन डॉ. ब्रह्मदीप सिंह व जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. योगेश मलिक आदि लगातार जागरूक कर रहे हैं। लेकिन इसके बाद भी स्वास्थ्यकर्मी नहीं पहुंच रहे हैं। शनिवार को गोयल नर्सिंग होम में 50 में से 48, जिला नागरिक अस्पताल में 50 में से 13, हथीन नागरिक अस्पताल में 50 में से 35, कोट गांव में 26 में से 12, नांगल जाट में 50 में से 41, छांयसा गांव में 36 में से 24, कलसाड़ा में 46 में से 17 और उटावड़ में 22 में से 10 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगवाया।
25 जनवरी को मनेगा कोरोना महा टीकाकरण दिवस
स्वास्थ्य विभाग द्वारा 25 जनवरी को जिले में कोरोना महा टीकाकरण दिवस मनाया जाएगा। उस दिन 1500 स्वास्थ्यकर्मियों को विभिन्न केंद्रों पर टीका लगाया जाएगा। विभाग की तरफ से स्वास्थ्यकर्मियों की सूची भेजवा दी गई है, वहीं सभी को सूचना भी दी जा रही है।
वर्जन-
कोरोना का टीका लगवाने से कोई भी न डरे। इससे कोई नुकसान नहीं है बल्कि यह उनके व परिवार के लिए ही फायदेमंद होगा। - डॉ. ब्रह्मदीप सिंह, जिला सिविल सर्जन