चार पार्षदों के भविष्य के लिए अब 4 दिसंबर को होगी सुनवाई
हथीन। स्टेट इलेक्शन कमीशन द्वारा नियुक्त जांच अधिकारी आरसी शर्मा ने चार पार्षदों के चुनाव को दी गयी चुनौती के मामले में गुरुवार को चुनौती देने वाले प्रत्याशियों को मुख्यालय पर बुलाकर सुनवाई की। इस मौके पर उन चार पार्षदों ने याचिकाकर्ताओं के द्वारा उठाये गए सवालों के जवाब लिखित में लिए गए। याचिकाकर्ताओं ने दिए गए जबावों की प्रतिलिपि भी ले ली। इस मौके पर जांच अधिकारी ने अब आगामी सुनवाई चार दिसंबर को करने के आदेश जारी किये हैं। उल्लेखनीय है कि 13 मई को हुए नगरपालिका के आम चुनाव में विजयी हुए चार पार्षदों के चुनाव को चुनौती देने वाले वार्ड दो के मंगलसिंह, वार्ड नंबर तीन के सतवीर, वार्ड नं. छह की चांदनी सिंघला और वार्ड नंबर नौ की अनीता ने याचिका में चुनाव को असंवैधानिक बताया था। तथा इस संदर्भ में प्रमाणों, तथ्यों एवं निर्वाचन आयोग की हिदायतों के संदर्भ में अपनी-अपनी दलीलें पेश की थीं। इसके बाद चुनाव जांच अधिकारी ने 15 नवंबर की तारीख निश्चित की थी। इसकी सुनवाई गुरुवार को हुई। यहां नगरपालिका के चेयरमैन एवं पार्षद सुमित कुमार, पार्षद राजबाला, सविता रानी एवं पार्षद सीमा रानी को बुलाया गया।