दोस्त के साथ गोवा जा रहा युवक ट्रेन से गिरकर घायल
-चेन पुलिंग कर रेलवे अधिकारियों को दी जानकारी, अस्पताल में भर्ती
पलवल। दिल्ली से गोव जा रहा एक युवक पलवल के असावटी रेलवे स्टेशन के करीब ट्रेन से गिरकर घायल हो गया। युवक के गिरने की सूचना उसके दोस्तों ने रेलवे कर्मचारियों को दी। सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारियों के घायल को पलवल रेलवे स्टेशन पर भिजवाया। जहां से आरपीएफ पुलिस के जवानों ने एबुलेंस के जरिए घायल युवक को उपचार के लिए पलवल के नागरिक अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत को गंभीर देखते हुए उसे आगे के लिए रेफर कर दिया।
हिमाचल प्रदेश के गांव बडाई निवासी सोनू व गांव रमेड निवासी कुशल कुमार जोकि गोवा में काम करते हैं। बृहस्पतिवार की सुबह वह दोनों हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से मंगला एक्सप्रेस ट्रेन से किसी काम से गोवा जा रहे थे। सोनू ट्रेन के गेट पर बैठा हुआ था। जैसे ही ट्रेन पलवल के गांव असावटी के प्याला फाटक के नजदीक पहुंची तो सोनू अचानक ट्रेन से गिर पड़ा। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जैसे ही सोनू के ट्रेन से गिरने के बारे में कुशल कुमार को पता चला तो कुशल कुमार ने असावटी और पलवल के बीच चैन पुलिंग कर दी। इसके बाद रेलवे अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद असावटी स्टेशन इंचार्ज ने घायल सोनू को पलवल कुरुक्षेत्र ईएमयू शटल में बिठाकर पलवल स्टेशन पर पहुंचाया। जहां से आरपीएफ पुलिस के जवान नरवीर रावत और हरीश ने घायल युवक को एंबुलेंस के जरिए पलवल के नागरिक अस्पताल भिजवाया।