स्वच्छता पखवाड़ा बीता पर नहीं दिखी कहीं सफाई
- कूड़े के ढेर दिखा रहे अभियान को आइना
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। सरकार द्वारा चलाया जा रहा स्वच्छता पखवाड़ा मंगलवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर खत्म भी हो गया, लेकिन सफाई कहीं भी नजर नहीं आ रही। जगह-जगह पड़े गंदगी के ढेर स्वच्छता पखवाड़े को मुंह चिढ़ा रहे हैं। प्रशासन की तरफ से भी पखवाड़े के तहत न तो जिले में ठीक से सफाई कराई गई और न ही लोगों को जागरूक किया गया। केवल पखवाड़े के समापन पर गांवों में सरकारी स्कूलों के बच्चों से मंगलवार को जागरूकता रैली निकलवा खानापूर्ति कर दी गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पूरे देश में स्वच्छता पखवाड़ा शुरू किया गया था। उसी के तहत जिले में भी स्वच्छता पखवाड़ा शुरू किया गया। इसकी शुरूआत पलवल जिले में केंद्रीय राज्यमंत्री व स्थानीय सांसद कृष्णपाल गुर्जर ने राजपूत मोहल्ला में की थी। मजे की बात यह थी कि जहां से स्वच्छता पखवाड़ा शुरू किया गया था, वहां केंद्रीय मंत्री द्वारा साफ जगह पर ही झाडू़ लगवाकर फोटो खिंचवाया गया और खानापूर्ति की गई। हालांकि बाद में उपायुक्त ने इस मामले को संज्ञान में ले नगर परिषद अधिकारियों को हड़काया भी था। लेकिन उसके बाद भी कोई असर दिखाई नहीं दिया।
न गांवों में दिखा असर न शहरों में
स्वच्छता पखवाड़े का असर न जिले के गांवों में दिखाई दिया और न ही शहरी क्षेत्रों में। आज भी गांव हो या शहर गंदगी ही गंदगी दिखाई दे रही है। शहरी क्षेत्र का तो इतना बुरा हाल है कि जिस तरफ निकल जाओ गंदगी के ढेर पड़े मिलते हैं। गंदगी के कारण लोगों का आसपास से निकलना मुश्किल हो गया है। चारों तरफ गंदगी के आसपास भिनभिनाती मक्खियां, मच्छर व उनमें मुंह मारते पशु देखे जा सकते हैं। लोगों में इस कारण बीमारी फैलने लगी है।
पखवाड़े के तहत जगह-जगह सफाई अभियान चलाए गए थे। गांवों में ग्राम पंचायतों के माध्यम से तथा शहरों में नगर परिषदों व समाजसेवी संगठनों के माध्यम से सफाई अभियान चलाए गए। सफाई भी हुई। फिर भी प्रशासन केवल पखवाड़े तक सीमित नहीं है, आए दिन सफाई कराई जाएगी। - डा. मनीराम शर्मा, उपायुक्त