नशे में हुुड़दंग करते चार गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्र से चार लोगों को शराब के नशे में हुड़दंग करते और एक को अवैध शराब सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार कैंप थाना पुलिस ने गांव असावटा निवासी सुंदर और बलराम को शराब के नशे में विश्राम गृह के समीप से हिरासत में लिया और मोहन नगर निवासी सोनू को उसके पड़ोस ही गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 96 पव्वा अवैध शराब को बरामद किया है। इसी प्रकार सदर थाना पुलिस ने गांव औरंगाबाद निवासी ब्रिजेश व जयप्रकाश को शराब के नशे में हुड़दंग करते गांव से ही गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
छेड़छाड़ का विरोध किया तो किया ईंट पत्थर से पथराव
पलवल। हथीन थाना क्षेत्र के अंतर्गत 18 वर्षीय युवती के साथ हुई छेड़छाड़ का विरोध करने गए परिवार पर दर्जनभर लोगों ने ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में पत्थर लगने से 57 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के पुत्र की शिकायत पर 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी हरीओम के अनुसार गांव के एक पीड़ित व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी 18 वर्षीय बेटी अपनी सुसराल से घर आई हुई थी। गत 31 अगस्त को पीड़ित के परिवार के सदस्य किसी काम से कहीं बाहर चले गए और उसकी बेटी घर पर अकेली थी। पीड़ित की बेटी घर से अपने दादा के घर जा रही थी तभी रास्ते में गांव मढनाका निवासी अर्जुन ने पीड़ित की बेटी के साथ छेड़छाड़ की। शाम को घर आने के बाद पीड़ित की बेटी ने सारी बात परिवार के सदस्यों को बताई। पीड़ित और उसके परिवार के सदस्य अर्जुन के घर पर उसकी शिकायत करने के लिए गए तो अर्जुन के परिवार के लोग भड़क गए और अर्जुन व परिवार की तरफ से बबलू, सोनू, विजय, पप्पू, गोविंद, नंन्दू, सुभाष, दुगगल, बाबी व कुंवरपाल ने मिलकर पीड़ित परिवार पर ईंट-पत्थरों की बौछार शुरू कर दी। इसी दौरान एक पत्थर पीड़ित के पिता बाबूलाल की छाती में लगा और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया।