शराब के पैसे मांगे तो युवकों ने मार दी सेल्समैन को गोली
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। अलीगढ़ रोड स्थित शराब के ठेके पर कार्यरत सेल्समैन द्वारा शराब के पैसे मांगने पर बाइक सवार 4-5 युवकों द्वारा देशी पिस्तौल से गोली चलाने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने मामले में अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
किठवाड़ी चौकी इंचार्ज इंद्रजीत एएसआई के अनुसार घायल सेल्समैन हरदोई ने अपने दिए हुए बयानों में बताया है कि वह शुक्रवार की देर रात शराब के ठेके पर अकेला था। करीब साढ़े 11 बजे बाइक सवार 4-5 युवक आए और उन्होंने उससे शराब की बोतल मांगी। जब उसने उक्त युवकों से पैसे मांगे तो उक्त युवक उसके साथ गाली गलौच करने लगे। जब उसने इसका विरोध किया तो उक्त युवकों ने उस पर देशी पिस्तौल से सीधा फायर कर दिया और मौके से फरार हो गए। गोली उसके पेट में जा लगी। जिससे उसे आनन फानन में फरीदाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि फ़िलहाल सेल्समैन की हालत ठीक है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने सेल्समैन के दिए हुए बयानों के आधार पर अज्ञात युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।