पालीथिन छोड़ने को लेकर मुनादी करा किया जा रहा जागरूक
-उपायुक्त डा. मनीराम शर्मा द्वारा शुरू की गई मुहिम से जुड़ने लगे आम लोग
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। पलवल को पालीथिन मुक्त बनाने के लिए उपायुक्त डा. मनीराम शर्मा द्वारा शुरू की गई मुहिम में अब आम लोग भी जुड़ रहे हैं। हालांकि दुकानों पर आज भी पालीथिन में ही दुकानदार सामान दे रहे हैं। ऐसे दुकानदारों के प्रशासन द्वारा चालान भी किए जा रहे हैं। वहीं पालीथिन को लेकर बने हुए संशय को दूर करने के लिए कुछ व्यापारी जिला उपायुक्त डा. मनीराम शर्मा से भी मिले तथा अपना संशय दूर किया। व्यापारियों ने उपायुक्त से यह भी मांग की कि जब तक व्यापारियों को सही जानकारी न हो, तब तक चालान न काटे जाएं।
वहीं प्रशासन ने शहर में आम लोगों को पालीथिन का प्रयोग बंद करने व पालीथिन से होने वाले नुकसान को लेकर मुनादी करवाकर लोगों को जागरूक भी करना शुरू कर दिया है। उपायुक्त तो जिस भी कार्यक्रम में जा रहे हैं, वहां भी लोगों को पालीथिन का प्रयाग बंद करने की अपील कर रहे हैं। बुधवार को अमर उजाला के कार्यक्रम में भी उपायुक्त ने वहां उपस्थित लोगों से व्यक्तिगत रूप से पालीथिन का प्रयोग बंद कर कपड़े व जूट के थैलों का प्रयोग करने की अपील की।
सचिवालय के बाद अब चीनी मिल भी पालीथिन मुक्त
जिला उपायुक्त डा. मनीराम शर्मा ने जहां पलवल को पालीथिन मुक्त बनाने से पहले जिला सचिवालय को पूरी तरह से पालीथिन मुक्त बनाया था, वहीं अब पलवल सहकारी चीनी मिल को भी पालीथिन मुक्त बना दिया गया है। उपायुक्त ने चीनी मिल के प्रबंध निदेशक को निर्देश दिए हैं कि चीनी मिल में पालीथिन का प्रयोग न हो। इसके अलावा प्लास्टिक की बोतलों को भी बंद किया जाए तथा प्लास्टिक के ग्लासों में पानी देने के बजाय कांच व स्टील के ग्लासों में पानी तथा चाय कुल्हड़ों में परोसी जाए। उपायुक्त के इन आदेशों के बाद चीनी मिल को भी पालीथिन मुक्त बना दिया गया है। वहां अब चाय कुल्लड़ों में दी जा रही है।
व्यापारियों के बाद अब सरपंचों की लेंगे बैठक
उपायुक्त ने बताया कि जिले के व्यापारियों से मिलकर वे पालीथिन का प्रयोग बंद न करने की सलाह दी है। वहीं वे अब जिले के गांवों के सरपंचों की बैठक बुला रहे हैं, ताकि उन्हें इस बारे में जागरूक किया जा सके। उपायुक्त ने बताया कि पलवल जिले को पूरी तरह से पालीथिन मुक्त बना दिया जाएगा।