हरियाणा के अंबाला रेलवे के जरिये सेना के अति गोपनीय मूवमेंट पर पाक इंटेलीजेंस की पैनी नजर है। इन मूवमेंट की जानकारी हासिल करने के लिए पाक इंटेलीजेंस के लोग रेलवे के अफसरों और कर्मचारियों को मोहरा बना रहे हैं।
पाक को खुफिया जानकारी देने वाले दिल्ली के एसटीडी कोड से फोन कर ट्रेनों के माध्यम से सेना की गतिविधियां जानने की कोशिश में लगे हैं। यह खुलासा इंडियन इंटेलीजेंस ब्यूरो (आईबी) की एक रिपोर्ट में हुआ है।
इस रिपोर्ट का हवाला देते हुए आईबी ने नार्दर्न रेलवे को अलर्ट रहने को कहा है। रेलवे के आला अफसरों ने उत्तर रेलवे के तहत आने वाले सभी पांचों रेल मंडलों को निर्देश जारी कर विशेष सतर्कता बरतने को कहा है।
ऐसे मांगते हैं ये जानकारी
सूत्रों के अनुसार फोन से पाक इंटेलीजेंस के लोग रेलवे अफसरों और कर्मचारियों को गलत नाम बताकर जानकारी हासिल करने की कोशिश करते हैं कि सेना की यूनिट किस शहर से ट्रेन के जरिये किस शहर में तैनात होने जा रही है। गोला और बारूद को ‘मिलिटरी स्पेशल’ ट्रेन से कहां पहुंचाया जा रहा है। हथियार सामग्री कितनी रेल बोगियों में लोड होकर कहां से चली है और उसे कहां पहुंचाया जाना है।
रेल अधिकारियों को निर्देश
खुफिया जानकारी के बाद अंबाला रेल मंडल के तहत तमाम शाखाओं के प्रभारियों को बाकायदा एक विशेष बैठक में निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने अधीन सुपरवाइजरों, निरीक्षकों व अन्य कर्मचारियों को इस बाबत जागरूक करें। उन्हें बता दिया जाए कि यदि दिल्ली के एसटीडी कोड से उनके पास कोई फोन आता है और फोन करने वाला उनसे आर्मी और एम्युनिशन के रेल मूवमेंट के बारे में जानकारी मांगे तो कर्मचारी पहले उससे नाम, पता, पद की जानकारी हासिल करें, फिर अपने आला अफसरों से इस बारे में बात करने को कहें। आला अफसर भी जब तक ऐसी जानकारी पूछने वाले के बारे में पूरी तरह संतुष्ट न हो जाएं, तब तक फोन पर कोई जानकारी न दें।
आर्मी मूवमेंट का बड़ा जरिया रेलवे
रेलवे के सीनियर डिवीजनल सिक्योरिटी कमिश्नर महेंद्र कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि आर्मी की यूनिट और एम्युनिशन की मूवमेंट का सबसे बड़ा जरिया रेलवे ही है। इसलिए पाक इंटेलीजेंस के अफसर फर्जी नामों का इस्तेमाल कर रेलवे अफसरों, सुपरवाइजरों, निरीक्षकों, जवानों व अन्य कर्मचारियों से आर्मी मूवमेंट की जानकारी हासिल करने की फिराक में हैं। सभी आला अफसरों को अलर्ट कर अपने-अपने स्टाफ को जागरूक करने के लिए कहा गया है।
गोपनीय होता है ‘मिलिटरी स्पेशल’ का आवागमन
अंबाला में नार्थ इंडिया का सबसे बड़ा आर्मी बेस कैंप, तोपखाना व एम्युनिशन डिपो है। यहां काफी यूनिट तैनात हैं लेकिन आर्मी अपने सीक्रेट मिशन के तहत यूनिटों और गोला बारूद को ‘मिलट्री स्पेशल’ ट्रेन के जरिये विभिन्न इलाकों में तैनात करती रहती है। इस ट्रेन की जानकारी पूरी तरह गोपनीय होती है लेकिन अंबाला रेल मंडल के विभिन्न अफसरों व कर्मचारियों को इसकी जानकारी रहती है।
अंबाला आर्मी को भी सतर्क किया
सूत्रों के अनुसार आईबी ने यह जानकारी आर्मी को भी दे दी है। लोकल आर्मी अथारिटी को भी इस बात से अवगत करवा दिया गया है। क्योंकि उत्तर भारत में विभिन्न संवदेनशील इलाकों के लिए बड़ा मूवमेंट अंबाला छावनी में ही होता है।