सोनीपत में बिजली विभाग के अधीक्षक अभियंता कार्यालय में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर ने संदिग्ध परिस्थितियों में अपने मकान पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। मृतक के परिजनों ने पत्नी व उसके ससुराल पक्ष के लोगों पर उसे आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पत्नी सहित ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पटेल नगर निवासी जसबीर (24) पुत्र रामकिशन हारट्रोन कंपनी की ओर से बिजली विभाग के अधीक्षक अभियंता कार्यालय में बतौर ऑपरेटर कार्यरत था। वीरवार सुबह परिजनों को उसके कमरे में उसका शव लटका दिखाई दिया । उन्होंने तुरंत पुलिस को मामले से अवगत कराया।
मृतक के पिता रामकिशन ने उसकी पत्नी सुनीता, ससुर किरोड़ीमल व साले दीपक पर आरोप लगाया। परिजनों ने आरोप लगाया कि जसबीर की शादी 2011 में अंबाला निवासी सुनीता पुत्री किरोड़ीमल के साथ हुई थी। उस समय से ही जसबीर की पत्नी उसे तंग रखती थी और कुछ कहने पर दहेज का मामला दर्ज कराने की धमकी देती थी।
उन्होंने जसबीर के ससुराल पक्ष पर भी उसकी पत्नी का ही साथ देने का आरोप लगाया। बुधवार को भी पति-पत्नी में झगड़ा हुआ था, जिसके बाद सुनीता ने अपने परिजनों को बुला लिया था। बाद में सुनीता, किरोड़ीमल व दीपक ने जसबीर की पिटाई की और सुनीता को अपने साथ लेकर चले गए। इसके बाद वीरवार सुबह जसबीर का शव फंदे से लटका मिला।
हादसे में ट्रक क्लीनर की मौत
राई (सोनीपत) में एनएच-1 पर मुरथल स्थित फ्लाईओवर के पास एक ट्रक की आगे चल रहे दूसरे ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में ट्रक क्लीनर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची मुरथल थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। डाबर कॉलोनी, पानीपत निवासी कविंद्र ट्रक पर क्लीनर था। बुधवार रात वह चालक के साथ वह दिल्ली से पानीपत जा रहा था।
जब उन्होंने मुरथल फ्लाईओवर पार किया तो इसी दौरान उनका ट्रक आगे चल रहे दूसरे ट्रक से टकरा गया। हादसे में कविंद्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।