हरियाणा के रेवाड़ी जिला प्रशासन ने सड़कों पर अतिक्रमण करने वालों पर लगाम कसने और शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के प्रयास तेज कर दिए हैं।
उपायुक्त ने मंगलवार को अधिकारियों को विशेष अभियान चलाकर सरकुलर रोड और नाईवाली चौक से अवैध कब्जे और अतिक्रमण हटाकर शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बसों को नाईवाली चौक की जगह गोपाल देव चौक के पास (गोशाला के पास) रोकने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए आयोजित बैठक को संबोधित करते कहा कि शहर में सरकुलर रोड और नाईवाली चौक पर अतिक्रमण व अवैध कब्जों के कारण आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है।
जिससे वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नगर परिषद व संबंधित विभाग के अधिकारी और कर्मचारी शहर के सरकुलर रोड पर हो रहे अतिक्रमण हटवाएं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जिले की ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए सख्त कदम उठाएं।
उन्होंने रोडवेज महाप्रबंधक और जिला परिवहन अधिकारी को निर्देश दिए कि वे रोडवेज बसों के ड्राइवरों को निर्देश दें कि वे बसों को नाईवाली चौक पर न खड़ा करें। बसों को नाईवाली चौक की जगह गोपाल देव चौक के पास रोका जाए।
उन्होंने कार्यकारी अभियंता लोकनिर्माण विभाग, नगर परिषद अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शहर में गैरकानूनी तरीके से लगने वाली रेहड़ियों को तुरंत प्रभाव से हटवाएं।
उन्होंने रेहड़ियों के लिए अलग से स्थान का चयन करने के भी निर्देश दिए। बैठक में नगराधीश संदीप सिंह, डीडीपीओ नरेन्द्र सारवान समेत जिला प्रशासन के कई अधिकारी उपस्थित थे।