हरियाणा के जिले कैथल में अगले सप्ताह से राशन डिपो के माध्यम से चना दाल भी लोगों को उपलब्ध करवाई जाएगी।
प्रदेश सरकार के फैसले के अनुसार बीपीएल और अंत्योदय योजना के तहत लाभपात्रों को प्रत्येक राशन कार्ड पर ढाई किलो के हिसाब से यह दाल उपलब्ध होगी।
अब तक डिपो के माध्यम से वितरित होने वाले राशन में चीनी, गेहूं और मिट्टी का तेल वितरित किया जाता है। इसमें दाल शामिल नहीं थी।
अब नई योजना के तहत राशन में चना दाल को शामिल कर लिया गया है। जिले भर में 1000 क्विंटल चना दाल कैथल और 500 क्विंटल चना दाल गुहला में राशन डिपो के माध्यम से वितरित की जाएगी।
इसमें बीपीएल राशन कार्ड धारकों के अलावा एएवाई राशन कार्ड धारकों को शामिल किया गया है।
रियायती दरों पर उपलब्ध होगी
योजना के तहत एक किलो दाल के लिए 20 रुपये का भुगतान करना होगा। इस समय बाजार में चना दाल की कीमत रिटेल में 45 से 50 रुपये प्रति किलो है।
लेकिन सरकार ने इसे डिपो के माध्यम से रियायती दरों पर उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया है।