विधायक आफताब अहमद ने परिवहन मंत्री बनते ही नूंह को नए बस अड्डे की सौगात दी है। हालांकि इसकी घोषणा पूर्व में ही हो चुकी थी, लेकिन उनके मंत्री पद संभालने के बाद इस दिशा में तेजी से काम करते हुए रोडवेज के अधिकारियों ने जगह आदि चिह्नित कर ली है। उम्मीद है कि अगले छह से सात महीने में काम पूरा हो जाएगा।
आफताब के मंत्री बनते ही रोडवेज अधिकारियों की पूरी टीम नूंह के बस अड्डे को लेकर गंभीर हो गई। इसी का परिणाम है कि शनिवार को अड्डे के लिए जमीन चिह्नित कर ली गई।
परिवहन विभाग के प्रधान सचिव आरआर जोवल, महानिदेशक अभय सिंह ने उपायुक्त विनय सिंह के साथ नूंह में कई जगहों का दौरा करने के बाद आखिरकार बस अड्डे के लिए जगह चिह्नित की। आफताब ने अधिकारियों से मंत्रणा के बाद गुड़गांव-अलवर रोड पर पुराने अड्डे के सामने खाली पड़ी जमीन पर अड्डा बनाने पर मुहर लगा दी।
अधिकारियों के साथ बैठक में मंत्री ने पुराने अड्डे में वर्कशॉप खोलने का सुझाव दिया। उपायुक्त ने बताया कि नया अड्डा उतनी ही जगह में बनेगा, जितनी जगह में पुराना अड्डा है। पुराने अड्डे में वर्कशॉप बनाया जाएगा। इससे बसों की मेंटेनेंस आदि के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
इससे यात्रियों के साथ कर्मचारियों को सहूलियत होगी। उन्होंने कहा कि इसका निर्माण तेजी से कराया जाएगा। आफताब अहमद ने फिरोजपुर झिरका में भी बस अड्डा बनाने की घोषणा कर दी है। पुन्हाना और तावडू में बस अड्डे के लिए बजट आदि बना दिया गया है। इनका निर्माण जल्दी ही शुरू हो जाएगा।