कनीना। सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम ने मारपीट के मामले में बाघोत निवासी परमजीत को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बोलेरो गाड़ी और लोहे की पाइप बरामद की है। पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
डीएसपी डॉ. कविता ने बताया कि बाघोत निवासी प्रवीण ने शिकायत दी थी कि 19 जुलाई की सुबह वह बाइक से कनीना जा रहा था। बाघोत-सिहोर रोड पर सामने से आई बोलेरो ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद आरोपियों ने उसका पीछा कर रास्ता रोक लिया और लोहे की पाइप व लाठी-डंडों से मारपीट कर घायल कर दिया।
सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को सरकारी अस्पताल कनीना पहुंचाया। सदर कनीना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान सीआईए टीम ने परमजीत को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ राजस्थान में लूटपाट का एक मामला भी दर्ज है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।