मंडी अटेली। क्षेत्र में रविवार को आयोजित राजा राव तुलाराम हाफ मैराथन में 1350 युवाओं ने दौड़ में हिस्सा लेकर फिटनेस और खेल के प्रति उत्साह दिखाया। गांव ताजपुर स्थित ओम पैलेस से शुरू हुई दौड़ एनएच-11 से होते हुए धनौंदा बाइपास तक आयोजित की गई। वहीं, हाफ मैराथन में मोहित-सविता चैंपियन बने।
कार्यक्रम में नारनौल विधायक ओमप्रकाश यादव मुख्य अतिथि और सरपंच नीरू यादव विशेष अतिथि रहीं। दौड़ से पहले खिलाड़ियों ने जुम्बा, योग और देशभक्ति गीतों पर वार्मअप किया। इसके बाद विधायक ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। 93 वर्षीय बसंती देवी ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
प्रतियोगिता में 5 और 10 किलोमीटर के दो वर्ग रखे गए। 10 किलोमीटर पुरुष वर्ग में मोहित यादव ने पहला स्थान हासिल किया। मोहन दूसरे और अजमेर तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में सविता प्रथम, मनीषा द्वितीय और दिव्यांशी तृतीय रहीं।
वहीं 5 किलोमीटर पुरुष वर्ग में हेमंत प्रथम, बादल द्वितीय और रमिकेश तृतीय रहे। महिला वर्ग में स्नेहा ने पहला, कोमल ने दूसरा और आरती ने तीसरा स्थान हासिल किया।
10 किलोमीटर वर्ग में प्रथम पुरस्कार 21 हजार, द्वितीय 11 हजार और तृतीय पुरस्कार 7100 रुपये रखा गया था। 5 किलोमीटर वर्ग में विजेता को 11 हजार, दूसरे स्थान पर 7100 और तीसरे स्थान पर 5100 रुपये का पुरस्कार दिया गया।
विधायक ओमप्रकाश यादव ने कहा कि राव तुलाराम ने 1857 में अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष किया था। उनके नाम पर दौड़ का आयोजन युवाओं को खेल और देशसेवा के लिए प्रेरित करेगा।
कार्यक्रम में 40 शहीद परिवारों को शॉल और सम्मान चिह्न देकर सम्मानित किया गया। डीएमएस ग्रुप के निदेशक अजय यादव ने बताया कि उनका ग्रुप पिछले पांच वर्षों से शिक्षा, खेल, पर्यावरण और गोसेवा के क्षेत्र में काम कर रहा है।