नारनौल। नांगल चौधरी के गांव नायन निवासी राकेश की जयपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह करीब 16-17 दिन पहले गांव के ही रोशन नामक व्यक्ति के साथ चिनाई का काम करने जयपुर गए थे। गुरुवार शाम परिजनों को सूचना दी गई कि राकेश की करंट लगने से मौत हो गई है।
इसके बाद रोशन शव को गांव लेकर पहुंचा लेकिन शरीर की हालत देखकर परिजनों ने अंतिम संस्कार से इन्कार कर दिया और हत्या की आशंका जताई। राकेश के भाई शेर सिंह के अनुसार राकेश के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। हाथों से लेकर पेट तक मारपीट के स्पष्ट निशान दिखाई दे रहे थे, कई जगह त्वचा काली पड़ी हुई थी और नाक से खून निकल रहा था।
परिजनों का कहना है कि यदि मौत करंट से होती तो उसके स्पष्ट निशान होते लेकिन ऐसा नहीं पाया गया। उन्होंने बताया कि राकेश ने चार दिन पहले एक काम पूरा किया था जिसके बाद उसे दूसरे ठेकेदार के पास भेजा गया लेकिन इन दिनों में क्या हुआ, इसकी जानकारी नहीं है।