गांव दौंगड़ा अहीर में करंट लगने से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। शनिवार सुबह मृतक की मां के बयान पर पुलिस ने मेगामार्ट संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस को दी शिकायत में गांव दौंगड़ा निवासी महिला संतोष ने मेगामार्ट संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। महिला ने बताया कि वह मजदूरी का कार्य करती है तथा उसका लड़का नरेंद्र श्री नारायण मेगामार्ट संचालक राजेश की दुकान पर काम करता था। मालिक ने उसके लड़के को बिजली की लड़ी उतारने के लिए कहा तो वह छत पर जाकर लड़ी उतारने लगा। बिजली की लड़ी उतारते समय नरेंद्र करंट लगने से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ लेकर पहुंचे जहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शिकायत में बताया कि मालिक ने लापरवाही करके उसके लड़के से बिजली की लड़ी उतरवाई जिसके कारण करंट लगने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक नरेंद्र की मां के बयान पर शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने दुकान मालिक राजेश के विरुद्घ मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।