नारनौल। राजकीय उच्च विद्यालय हमीदपुर में मंगलवार को एनसीईआरटी के तत्वावधान में खंड स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी आयोजित की गई। खंड शिक्षा अधिकारी पवन कुमार भारद्वाज के दिशानिर्देशन में हुए कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विज्ञान आधारित आकर्षक मॉडल प्रस्तुत किए।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार विशिष्ट अतिथि और पूर्व मुख्य अध्यापक हरिराम वशिष्ठ मुख्य अतिथि रहे। विद्यालय के मुख्याध्यापक अजय कुमार ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। कोऑर्डिनेटर डॉ. जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), हरित ऊर्जा, स्वच्छता, कृषि, आपदा प्रबंधन और ग्रामीण विकास जैसे विषयों पर मॉडल दिखाए।
अधिकारियों ने कहा कि ऐसी प्रदर्शनियों से बच्चों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नई खोज करने की रुचि बढ़ती है। विज्ञान देश को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाता है।
इवेंट प्रबंधक धर्म सिंह ने बताया कि सातों उपथीमों में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को जिला स्तरीय प्रदर्शनी में भाग लेने का अवसर मिलेगा। निर्णायक मंडल में विक्रम सिंह, राजकुमार, चरण सिंह और कुलदीप शर्मा शामिल रहे। कार्यक्रम में शिक्षकों और अन्य गणमान्य लोगों ने भी भाग लिया।