मंडी अटेली। अटेली क्षेत्र में जेवरात की सफाई करते हुए युवकों ने सोने की चेन चोरी कर ली। लोगों ने चोरों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। उनकी पहचान संतोष व सिंकदर भवानीपुर जिला पूर्णिया के रूप में हुई है।
गांव सिलारपुर निवासी राजकुमार ने पुलिस शिकायत में बताया कि उसने गावं के बस स्टैंड पर वेल्डिंग की दुकान कर रखी है। 18 मार्च को दो व्यक्ति उनके घर पर आए। उन्होंने उनकी पुत्र वधू पिंकी से गहने साफ करने की बात कही। पुत्रवधू ने एक सोने की चेन साफ करने के लिए दे दी। इसके बाद दोनों युवकों ने केमिकल डालकर और साफ करके अखबार में डालकर वापस दे दी। उन्होंने कहा कि आप अखबार को खोलना मत और वे वहां से चले गए। करीब एक घंटे बाद अखबार को खोला तो चेन नही मिली। इसके बाद दोनों युवकों का पीछा करते गावं के बस स्टैंड पर पहुंचे तो युवक मिल गए। दोनों युवक उन्हें देखकर भागने लगे, जिसकी वजह से एक लड़के के सिर और पैर पर चोट लग गई। युवकों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया गया।