महेंद्रगढ़। पुलिस ने रंगदारी मामले में पकड़े गए आरोपी सचिन को दो दिन के रिमांड के बाद न्यायालय में पेश किया। जहां से उसको न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
आरोपी सचिन ने रिमांड के दौरान बताया कि वह यू ट्यूब पर इस प्रकार के सीरियल देखता था, जिसमें रंगदारी या फिरौती मांगी जाती है। ऐसे सीरियल देखकर ही उसने यह हरकत की। उसने मोबाइल नंबर किरयाणा की दुकान पर लगे बोर्ड से लिए थे। पुलिस ने रिमांड के दौरान उसका मोबाइल भी बरामद किया है।
बता दें कि किरयाणा व्यापारी विमल कुमार को आरोपी ने शनिवार को फोन कर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। सोमवार तक रंगदारी नहीं देने पर विमल, उसके भाई तथा पिता को दिन दहाड़े गोली मारने की धमकी दी थी। व्यापारी ने इसकी शिकायत सिटी थाने में दी थी। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया था। पुलिस स्पेशल स्टाफ की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को मंगलवार की शाम को दौंगड़ा-कलवाड़ी रोड से गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी की पहचान गांव ऊंची भांडोर निवासी सचिन के रूप में हुई थी। बुधवार को उसका मेडिकल करवा कर कोर्ट में पेश किया जहां से उसे दो दिन का पुलिस रिमांड लिया गया था। शुक्रवार को कोर्ट में दोबारा पेश किया गया। जहां से न्यायाधीश ने उसको न्यायिक हिरासत में भेज दिया।