नारनौल । अगर हमें अपना तन व मन मजबूत रखना है तो योग को अपनाना होगा। यह बात एसडीएम डॉ जितेंद्र सिंह ने बुधवार को आईटीआई मैदान में 10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारी को लेकर हुई पायलट रिहर्सल के बाद योगार्थियों को संबोधित करते हुई कही।
उन्होंने कहा कि योग करने वाला व्यक्ति जीवन की चुनौतियों का आसानी से सामना करने में सक्षम होता है। हम सबको योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। इस मौके पर उन्होंने आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से योग मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
एसडीएम ने आम नागरिकों से आह्वान किया कि वह 10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को आईटीआई मैदान में होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम में भारी संख्या में पहुंचे। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर विभिन्न स्वयं सहायता समूह की ओर से स्टाल लगाए जाएंगे। योग स्थल पर सेल्फी पॉइंट भी बनाया जाएगा। इस कार्यक्रम के दौरान देश के प्रधानमंत्री के संबोधन को बड़ी एलईडी स्क्रीन पर देखा जाएगा। आयुष विभाग व हरियाणा योग आयोग व जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में स्कूल, कॉलेज, गुरुकुल, विश्वविद्यालय, जनसाधारण, योग संस्थान, पुलिस, एनसीसी कैडेट, नेहरू युवा केंद्र, स्काउट और गाइड हिस्सा लेंगे। इस मौके पर योग मैराथन में शामिल बच्चों ने हाथ में योग स्लोगन के बैनर व तख्ती लेकर नागरिकों को जागरूक किया।