नारनौल। इस बार योग दिवस को पर्यावरण से जोड़ते हुए हरित योग के रूप में मनाया जाएगा। इसके लिए वन विभाग के सहयोग से जिले में दस हजार औषधीय पौधे जैसे आंवला, हरड़, अर्जुन, नीम, पीपल, अश्वगंधा, तुलसी और गिलोय का रोपण किया जाएगा।
जिलास्तरीय मुख्य योग कार्यक्रम का आयोजन आईटीआई मैदान में आयोजित किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर लघु सचिवालय में बुधवार को अतिरिक्त उपायुक्त तरुण कुमार पवारिया ने अधिकारियों के साथ बैठक की। एडीसी ने बताया कि यदि मौसम खराब होता है या बारिश आती है तो इसके लिए वैकल्पिक तौर पर सभागार भवन को आरक्षित रखा गया है।
एडीसी ने बताया कि प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर भी भव्य कार्यक्रमों का आयोजन होगा जहां हजारों की संख्या में प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। ब्लॉक स्तर के कार्यक्रमों को सुचारू रूप से चलाने के लिए संबंधित खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (बीडीपीओ) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
उन्होंने बताया कि आगामी 8 से 10 जून के बीच जिले के प्रत्येक गांव में सरपंचों के सहयोग से योग जागरण यात्राएं निकाली जाएंगी। वहीं मुख्य आयोजन से पहले यानी 20 जून को सुबह 7 बजे आईटीआई मैदान में फाइनल रिहर्सल की जाएगी ताकि 21 जून को सुबह 5:45 बजे से होने वाले कार्यक्रम में कोई कमी नहीं रहे।
इस अवसर पर डीएसपी डॉ. कविता, आरएफओ रजनीश कुमार, जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. शशिबाला, डीडीपीओ प्रमोद कुमार, आईटीआई प्राचार्य विनोद कुमार खनगवाल और आयुष विभाग से डॉ. सतीश सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
-
15 जून को योग मैराथन का आयोजन
11 से 13 जून तक महेंद्रगढ़ के हुड्डा पार्क, अटेली के राजकीय महिला महाविद्यालय मैदान, नांगल चौधरी की नई अनाज मंडी, सिहमा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कनीना के पीकेएसडी कॉलेज और निजामपुर व सतनाली के बीडीपीओ कार्यालय परिसरों में प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, पुलिसकर्मियों और आम जनता के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर लगाए जाएंगे। वहीं 15 जून को योग मैराथन का आयोजन किया जाएगा।