स्वच्छ भारत मिशन और मोदी पायलट प्रोजेक्ट के अंतर्गत श्री कृष्ण बाल गोपाल गोशाला बिहाली में करोड़ों रुपये की लागत से बनने वाले बायोगैस गोबर धन प्लांट का निर्माण कार्य अंतिम चरण में चल रहा है। आगामी 20 से 25 दिनों में तैयार होकर यह आपूर्ति देने में सक्षम हो जाएगा।
सरकार की जनकल्याणकारी योजना के तहत बिहाली गोशाला परिसर में पंचायती राज द्वारा गोबर गैस प्लांट का निर्माण किया जा रहा है। यह प्लांट 10 मीटर चौड़ा व 17 फीट ऊंचा बनकर तैयार होगा। वहीं प्लांट की क्षमता 400 क्यूबिक मीटर रहेगी।
लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस प्लांट से गोशाला के अतिरिक्त गांव के 80 घरों को गैस कनैक्शन देकर गैस मुहैया कराई जाएगी। यह गोबर गैस घरेलू गैस सिलेंडर से 30 फीसदी सस्ती प्राप्त होगी।
प्लांट में गायों के गोबर का प्रयोग किया जाएगा। यह जिले का पहला ऐसा प्लांट है। गोशाला में इस समय लगभग 1365 गोवंश उपलब्ध है। इसके चलते गोबर भी काफी मात्रा में एकत्रित होता है। प्लांट चालू होने पर जहां गोबर का प्रयोग करने से साफ सफाई की व्यवस्था भी सुचारू बनेंगी, वही सस्ती व समय अनुसार गैस मिल सकेगी।
प्लांट चालू करने के लिए पहले चरण में 25 ट्रैक्टर ट्रॉली गोबर डाला जाएगा। प्रत्येक दिन दस ट्रॉली गोबर की डाल डाल कर प्लांट की सुचारू रूप से चालू रखा जाएगा। इस प्लांट से सफाई व्यवस्था भी सुचारू बनी रहेगी वहीं खाद भी बनेगा जिसका प्रयोग किसान कृषि भूमि में कर सकेंगे जो खेती के लिए लाभदायक साबित होगा।