महेंद्रगढ़। शंकर कॉलोनी स्थित प्राचीन शिव मंदिर में अक्षय नवमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह से मनाया गया। महिलाओं ने सुबह व्रत रखकर आंवले के पेड़ का विधि-विधान से पूजन किया और परिवार की सुख-समृद्धि व अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। महिलाओं ने पेड़ पर जल चढ़ाकर रोली, चावल और फूल अर्पित किए तथा परिक्रमा कर पूजा-अर्चना की।
विज्ञापन
पंडित राहुल भारद्वाज ने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार आंवले के वृक्ष में भगवान विष्णु, शिव और ब्रह्मा सहित त्रिदेव का वास माना जाता है। इस दिन आंवले का पूजन और दान करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। अनीता, मीना और दीपिका ने बताया कि वे हर वर्ष श्रद्धापूर्वक व्रत रखकर आंवले के पेड़ की पूजा करती हैं और परिवार की खुशहाली की कामना करती हैं।