फोटो नंबर-06फर्स्ट रनर-अप खिताब के साथ महिला कॉलेज की छात्राएं। स्रोत: संस्थान
नारनौल। राजकीय महिला महाविद्यालय नारनौल की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर विश्वविद्यालय स्तर पर महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर (रेवाड़ी) में 13 से 15 नवंबर तक आयोजित इंटर-जोनल यूथ फेस्टिवल ‘’हिंडोला-2026’’ में कॉलेज की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली बार फर्स्ट रनर-अप का खिताब हासिल किया।
इस उपलब्धि की खुशी में सोमवार को महाविद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें विजेता छात्राओं के साथ उनके मार्गदर्शन में सहयोग करने वाले प्राध्यापकों और स्टाफ सदस्यों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अमित चौधरी ने की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि महाविद्यालय के इतिहास में एक खास स्थान रखती है। छात्राओं ने मेहनत, अनुशासन और आपसी सहयोग से यह मुकाम हासिल किया है।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अमित चौधरी ने कहा कि युवा महोत्सव विद्यार्थियों को अपनी कला और प्रतिभा दिखाने का अच्छा अवसर देते हैं। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
इस मौके पर राजकीय महिला महाविद्यालय में डॉ. आरपी सिंह, डॉ. सतीश सैनी, सतपाल सुलोदिया, सुनील कुमार सहित कॉलेज का समस्त स्टाफ और छात्राएं मौजूद रहीं।