ओवरलोड डंपर पर पाबंदी की मांग को लेकर निजामपुर-धौलेड़ा सड़क मार्ग जाम कर सड़क पर बैठीं महिलाएं।
नारनौल। निजामपुर खंड के गांव सरेली की ढाणी के ग्रामीणों का ओवरलोड डंपरों के विरोध में आखिरकार गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीण पिछले काफी समय से इन पर पाबंदी की मांग करते आ रहे है, लेकिन शुक्रवार को महिलाओं का सब्र का बांध टूट गया और सुबह करीब साढ़े दस बजे निजामपुर-धौलेड़ा सड़क मार्ग को जाम कर दिया। इस दौरान महिलाएं सड़क पर ही बैठ गई और सरकार के खिलाफ जमकर रोष व्यक्त किया। बाद में सूचना पाकर मौके पर पहुंचे निजामपुर पुलिस थाना प्रभारी ने महिलाओं को समस्या समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद महिलाओं ने सड़क मार्ग को बहाल कर दिया।
धरना प्रदर्शन कर रही महिलाओं व ग्रामीणों ने कहा कि धौलेड़ा-बिगोपुर में एक बड़ा क्रशर जोन व पत्थर खदान संचालित है। इससे सैंकड़ों डंपर ओवरलोड खनन सामग्री भर कर सड़क मार्ग पर तेज गति से दौड़ रहे है। ओवरलोड डंपरों के संचालन से सड़क मार्ग टूट कर बिखर गया है। मार्ग में गहरे गड्ढे बनने से डंपर से हर पल पत्थर गिरने की आशंका बनी रहती है। उन्होंने कहा कि उनका खेत में जाना भी मुश्किल बना हुआ है। महिलाओं का आरोप था कि सड़क मार्ग पर परिवहन के साधनों का टोटा है। इससे उन्हें जरूरी काम से निजामपुर व नांगल चौधरी बाइक आदि से आवागमन करना पड़ता है। सड़क मार्ग पर चलकर उन्हें खेतों में पशुचारा व निराई गुड़ाई के काम से जाना पड़ता है, परंतु ओवरलोड डंपरों के आवागमन से हादसे की संभावना हर वक्त बनी रहती है। इसके बावजूद प्रशासनिक अधिकारी ओवरलोड पर अंकुश लगाने को लेकर गंभीर नही है। मौके पर निजामपुर थाना प्रभारी ने खुलवाया जाम
जाम लगने की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे निजामपुर थाना प्रभारी धर्मबीर सिंह ने महिलाओं की समस्या सुनी। उन्होंने महिलाओं को ओवरलोड पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद महिलाओं ने सड़क मार्ग को बहाल कर दिया। जाम के दौरान सड़क मार्ग के दोनों ओर डंपरों की लंबी लाइन लग गई।