महेंद्रगढ़। जिले की चारों विधान सभाओं में महेंद्रगढ़ के मतदाता अधिक जागरूक रहे जिसके कारण 72.81 प्रतिशत मतदान कर मत प्रतिशत के मामले में अव्वल रहे।
लोकतंत्र में जिम्मेदारी का फर्ज निभाने के लिए पुरुषों की अपेक्षा महिलाएं सराहनीय भूमिका में रही। महेंद्रगढ़ में 72.40 प्रतिशत पुरुषों के मुकाबले 73.26 प्रतिशत महिलाओं ने जिम्मेदारी का बटन दबाकर लोकतंत्र का फर्ज निभाया जो पुरुष मतदान की अपेक्षा 0.83 प्रतिशत अधिक रहा। मतदान को लेकर नारनौल क्षेत्र के मतदाता 67.14 प्रतिशत मतदान के साथ जिले में सबसे निचले पायदान पर रहे। जबकि 70.58 प्रतिशत मतदान के साथ अटेली के मतदाता दूसरे पायदान पर रहे। नांगल चौधरी के मतदाताओं ने 70.42 प्रतिशत मतदान किया, जबकि 57059 मतदाताओं ने केंद्रों तक पहुंचने की जहमत नहीं उठाई तथा लोकतंत्र के इस पर्व के महत्व को भी नहीं समझा।
209992 में से 79714 पुरुष व 73183 महिलाओं ने डाले वोट
महेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र में कुल 209992 मतदाता थे। इनमें से कुल 152897 मतदाताओं ने बूथों पर पहुंचकर अपने मत का प्रयोग किया। चार विधान सभाओं में महेंद्रगढ़ को पहले पायदान पर पहुंचाने में महिलाओं की भूमिका सराहनीय रही। 79714 पुरुषों के मुकाबले 73183 महिलाओं ने बटन दबाकर मतदान प्रतिशत 72.81 प्रतिशत पहुंचा दिया।
गांव रिवासा व बीर सिंह का बास के मतदाता सबसे जागरूक
विधान सभा क्षेत्र के गांव रिवासा व बीर सिंह का बास के मतदाता लोकतंत्र का फर्ज निभाने में सबसे जागरूक रहे। गांव रिवासा के बूथ नंबर 101 पर कुल 311 मतदाताओं में से 276 ने अपने मत का प्रयोग कर बूथ को 88.72 प्रतिशत मतदान कर सबसे पहले पायदान पर रखा, जबकि गांव बीर सिंह का बास के बूथ नंबर 22 के कुल 239 में से 207 मतदाताओं ने मत का प्रयोग किया जिसके कारण 86.61 प्रतिशत मतदान कर विधान सभा में मत प्रतिशत के मामले में दूसरे पायदान पर रहा।
गांव खुडाना के बूथ नंबर 27 व महेंद्रगढ़ के बूथ नंबर 115 के मतदाता रहे फिसड्डी
महेंद्रगढ़ विधान सभा क्षेत्र के ऐतिहासिक एवं प्राचीन गांव खुडाना के बूथ नंबर 27 के कुल 1027 मतदाताओं में महज 605 ने ही मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लिया, जिसके कारण 58.91 प्रतिशत मतदान के साथ विधान के बूथों में फिसड्डी रहे। वहीं दूसरी ओर शहर के बूथ नंबर 115 के कुल 1460 मतदाताओं में से कुल 867 ही अंगुली पर स्याही का निशान लगवाने पहुंचे। 59.38 प्रतिशत मतदान के साथ विधान सभा के 220 बूथों में नीचे से दूसरे पायदान पर रहे।