नारनौल। अटेली क्षेत्र में एक विधवा ने दिल्ली पुलिस में नौकरी लगवाने के नाम पर 7.97 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया है। महिला अब रुपये वापस मांग रही है तो उसे जान से मारने की धमकी मिल रही हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
बहरोड के चावंडी गांव व हालाबाद नांगल कालिया निवासी सविता ने पुलिस शिकायत में बताया कि तिगरा निवासी अजय की उसके जानकार रोहित के साथ मित्रता है। इसलिए वह अजय को जानती थी। अजय ने उससे कहा कि उसकी दिल्ली पुलिस में नौकरी लगवा देगा, लेकिन इसके लिए कुछ रुपये लगेंगे। 18 नवंबर 2023 को अजय ने उससे दिल्ली पुलिस में नौकरी लगवाने के लिए 4 लाख रुपये नकद मांगे। इसके बाद वह और उसका भाई सुनील तिगरा रुपये देने के लिए गए। उसने चार लाख रुपये लेकर कहा कि तेरा काम अब जल्द ही करवा दूंगा। इसके बाद अजय ने 4 लाख रुपये और देने के लिए कहा। उसने 2 दिसंबर को 397000 रुपये अपने खाते से निकाल कर अजय के खाते में डाल दिए। अजय इसके बाद और रुपये की मांग करने लगा। उसने कहा कि उसे 7 लाख रुपये और दे दो, लेकिन महिला ने रुपये देने से मना कर दिया।
महिला ने अजय से कहा कि तुमने कहा था कि कुछ खर्चा लगेगा। इस पर अजय ने कहा कि दिल्ली पुलिस के लिए 15 लाख रुपये लगेंगे। इसके बाद महिला ने कहा कि उसने जो 797000 रुपये दिए हैं, वह वापस दे दो। अब तक अजय ने रुपये वापस नहीं दिए हैं। अब वह रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है।