महेंद्रगढ़। सोमवार को शहर के एक किरयाणा स्टोर पर नकली ग्राहक बनकर आई एक महिला व दो युवकों ने गल्ले से नकदी चोरी कर ली। हालांकि चोरी की यह वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। पीड़ित दुकानदार अनिल कुमार ने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
दुकानदार अनिल कुमार ने बताया कि तीन आरोपी जिनमें दो युवक और एक महिला पहले ग्राहक बनकर दुकान में आए। उन्होंने कोल्ड ड्रिंक और पानी की पेटी खरीदने के बहाने उसे व्यस्त कर दिया। जैसे ही पानी की पेटी लेने अंदर गया तो एक आरोपी ने गल्ले से पैसे चुरा लिए और इशारे से बाकी साथियों को संकेत देकर फरार हो गए। घटना का खुलासा तब हुआ जब दुकानदार को कुछ देर बाद संदेह हुआ और उसने सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज में साफ दिख रहा है कि चोरी पहले से योजनाबद्ध थी। पीड़ित दुकानदार ने तुरंत पुलिस थाना जाकर शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की, नक्शा तैयार किया और फुटेज लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।