फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गेहूं खरीद में गोलमाल, गोदाम से 474 टन गेहूं लौटाया

Fri, 05 May 2017 11:51 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
महेंद्रगढ़। खराब और निर्धारित मापदंड के गेहूं खरीद में धांधली का आरोप लगाकर वेयरहाउस गोदाम कीपर ने करीब 474 टन गेहूं लौटा दिया है। एक से चार मई के बीच वेयरहाउस के गोदाम में आए गेहूं को खराब बताकर गोदाम इंचार्ज ने रखने से इनकार कर दिया। गोदाम कीपर और वेयरहाउस इंचार्ज में विवाद बढ़ने पर एक मई को एसडीएम भी मौके पर पहुंचे। जांच के बाद उन्होंने गेहूं के ट्रक वापस करवा दिए। इस मामले में गोदाम कीपर का कहना है कि उन पर राजनीतिक दबाव बनाकर ट्रांसफर करने की धमकी दी जा रही है। दूसरी तरफ वेयरहाउस इंचार्ज ने इस मामले में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।  
विज्ञापन


जानकारी के अनुसार 1 मई को ढाकला मंडी (झज्जर) से ट्रक में 550 कट्टे गेहूं के लदकर वेयरहाउस गोदाम आए थे। इसमें से 459 कट्टे खराब मिले। इन गेहूं की खरीद में वेयरहाउस इंचार्ज का शामिल होना बताया जा रहा है। इस संबंध में एक ऑडियो भी वायरल हुई है। इसमें एक ट्रक ड्राइवर और स्टोर कीपर के मध्य गेहूं उतारने को लेकर बातचीत हुई है। इस समय सरकारी समर्थन मूल्य 1625 रुपये के हिसाब से प्रदेश की मंडियों में गेहूं की खरीदारी चल रही है। यह गेहूं विभिन्न एजेंसियों द्वारा खरीदकर गोदामों में पहुंचाया जा रहा है। सरकार की तरफ से गेहूं की खरीद के लिए मापदंड भी निर्धारित हैं।

1 मई को वेयरहाउस में छह ट्रकों में से 845 गेहूं के कट्टे खराब मिले। इनको वेयरहाउस की गोदाम कीपर ने लेने से मना कर दिया। गोदाम कीपर का आरोप है कि जब उन्होंने इनको लेने से मना कर दिया तो उस पर विभिन्न तरीकों से दबाव बनाया गया। इस बात की जानकारी एसडीएम विक्रम सिंह के पास पहुंची तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर गाड़ियों का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने अधिकतर ट्रकों को वापस भेजने के आदेश दिए। उसके बाद भी 4 मई को एक गाड़ी में 25 कट्टे गेहूं के रिजेक्ट किए हैं।
विज्ञापन


वायरल हुई ऑडियो में बातचीत
वायरल ऑडियो में स्टोर कीपर और एक ट्रक ड्राइवर की बात चल रही है। इसमें ड्राइवर स्टोर कीपर से अपने खराब कट्टे गोदाम में खाली करने की प्रार्थना कर रहा है। उसने स्टोर कीपर को यह भी बताया कि जिस दिन वे आए थे उस दिन मैडम (अधिकारी) से 5000 रुपये लेने की बात हुई थी, किंतु मैडम ने 2 रुपये प्रति कट्टे की मांग की। उसके बाद वे वहां से चले गए। बाद में फिर फोन किया तो एक रुपये प्रति कट्टा लेने की बात कही किंतु मैडम ने उस पर सहमति नहीं जताई। वायरल ऑडियो में गोदाम कीपर ने कहा कि गोदाम की जिम्मेवारी मेरी है। मैं गोदाम के अंदर खराब माल नहीं रख सकती।

गेहूं की बजाय कट्टों में निकली मिट्टी
1 मई को ढाकला मंडी से वेयरहाउस द्वारा खरीदे गेहूं के ट्रक महेंद्रगढ़ वेयरहाउस गोदाम पहुंचे। इनमें एक ट्रक में 246, दूसरे में 459, तीसरे में 112, चौथे में 23, पांचवें में 5 बैग रिजेक्ट किए गए थे। इसके अलावा एक ट्रक में छह ऐसे कट्टे थे जिनमें मिट्टी अधिक गेहूं कम थे। उसके बाद 4 मई को 25 बैग और रिजेक्टि किए गए। झज्जर जिले की ढाकला मंडी में गेहूं की खरीदारी हो रही है। वेयरहाउस वहां खरीदारी कर रहा है। उस मंडी की इंचार्ज भी महेंद्रगढ़ वेयरहाउस की इंचार्ज को ही बनाया हुआ है। वहां का गेहूं महेंद्रगढ़ वेयरहाउस के गोदाम में आ रहा है। 1 मई को 845 गेहूं के कट्टे खराब थे जबकि 2 मई को 4 और 4 मई को 25 कट्टे खराब निकले हैं। अब तक 874 कट्टे (474 टन) खराब निकाले जा चुका है।

गोदाम कीपर ने लगाया इंचार्ज पर आरोप
गोदाम कीपर सीमा ने इंचार्ज पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सीमा ने गेहूं के सैंपल भी मीडिया को दिखाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जो गोदाम में 474 टन गेहूं रिजेक्ट किया है वह निर्धारित मापदंड पर खरा नहीं उतर रहा था। दूसरा जब उन्होंने यह रखने से मना कर दिया तो इंचार्ज ने डरा धमकाकर दबाव भी बनाया। इसके अलावा राजनीतिक पहुंच से तबादला करवाने का डर दिखाया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गोदाम की जिम्मेवारी मेरी है। वह यह गेहूं नहीं रख सकती। इस संबंध में वेयरहाउस इंचार्ज से उनका पक्ष जानना चाहा तो उन्होंने नो स्टेटमेंट कहकर फोन काट दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें