नारनौल। जिले को इस माह का राशन आवंटन कर दिया गया है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से 15,3604 कार्डधारकों और 561709 यूनिट के लिए खाद्यान्न सामग्री आवंटित की गई है। इस माह में बाजरे का वितरण किया जाना था लेकिन योजना में बदलाव कर दिया गया है।
विभाग के अधिकारी की मानें तो जिले में बाजरे की सरकारी खरीद न होने के चलते योजना में बदलाव किया गया है। बताते चलें कि विभाग की ओर से जिले में 12 हजार क्विंटल बाजरे का आवंटन किया जाना था लेकिन अब इसमें फेरबदल करते हुए बाजरे की जगह गेहूं के आवंटन को शामिल कर दिया गया है।
विभागीय आंकड़ों के हिसाब से अंत्योदय अन्न योजना के पात्र परिवारों के लिए 4,39,125.810 किलोग्राम गेहूं, 15,604 लीटर सरसों का तेल व 9,426 किलोग्राम चीनी उपलब्ध करवाई जाएगी। दूसरी ओर एसबीपीएल के पात्राें को 25,04,193.861 किलोग्राम गेहूं, 1,89,515 लीटर सरसों का तेल व 1,32,913 किलोग्राम चीनी का वितरण किया जाएगा।
वर्जन:
विभाग की ओर से लाभार्थियों के लिए खाद्यान्न सामग्री आवंटित कर दी गई है। सभी पात्र परिवारों को इस बार बाजरे की जगह गेहूं उपलब्ध कराया जाएगा।-कुलदीप शर्मा, स्टॉक हेड, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग।