नारनौल। जिले में मौसम शुष्क और साफ बना हुआ। हवा में बदलाव से इलाके के तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। वहीं एक से सात मई तक तेज हवा के साथ बारिश होने की भी संभावना बन रही है। इससे तापमान में भी गिरावट देखने को मिलेगी।
मंगलवार को नारनौल में अधिकतम 40 और न्यूनतम 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्र मोहन ने बताया कि मई के शुरुआत से ही मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। क्योंकि 30 अप्रैल को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से जो एक मई उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में पहुंचेगा। इससे पश्चिम राजस्थान के ऊपर एक नया चक्रवातीय परिसंचरण बनेगा। इसकी वजह से एक से सात मई के बीच हरियाणा एनसीआर दिल्ली में प्री-मानसून गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
इस दौरान हल्की बारिश, गरज-चमक, धूल भरी आंधी, तेज हवा और बिजली गिरने की घटना देखने को मिलेगी। एक और दो मई को हल्की गतिविधि होगी जो पंजाब से सटे जिलों और पूर्वी जिलों पर लेकिन उसके बाद तीव्रता बढ़ेगी। 3 से 7 मई के बीच तेज हवाओं के साथ प्री-मानसून तूफान की संभावना है। जिसमें हरियाणा एनसीआर दिल्ली के अधिकतर स्थानों पर गतिविधियों की संभावना है।