फोटो नंबर- 13अंडरपास में मरम्मत कार्य करते श्रमिक। संवाद
नारनौल। उत्तर-पश्चिम रेलवे की डीएफसी शाखा ने क्षेत्र के अंडरपासों में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। इसके तहत अंडरपास की खराब सड़क को तोड़कर उसकी ढाल को ठीक किया जा रहा है और फिर नई सड़क का निर्माण किया जाएगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, काम इस तरह किया जा रहा है कि यातायात पर कम से कम असर पड़े। एक हिस्से का निर्माण पूरा होने के बाद दूसरे हिस्से पर काम किया जा रहा है। नई डिजाइन में सड़क की ढाल ऐसी बनाई जा रही है कि बारिश का पानी अंडरपास में रुके नहीं। अगर ज्यादा बारिश में पानी जमा भी होता है तो एक तरफ ढाल अधिक रखी जाएगी, जिससे पंप के जरिए पानी आसानी से निकाला जा सके।
लंबे समय से चौकी नंबर-45, सीआईए, पटीकरा और बहरोड़ रोड अंडरपास में जलभराव की समस्या बनी हुई थी। बारिश के समय यहां पानी भर जाने से वाहन चालकों को परेशानी होती थी और दुर्घटना का खतरा भी रहता था।