महेंद्रगढ़। पिछले तीन दिन से लगातार गर्मी व उमस से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। मंगलवार शाम 5:30 बजे से 6 बजे तक महज आधे घंटे में 23.5 एमएम बारिश हुई। इससे शहर में कई स्थानों पर जलभराव से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
नागरिक अस्पताल, सिनेमा रोड, रेलवे रोड, गौशाला रोड, रेलवे स्टेशन के सामने, मोहल्ला महायचान सहित कई मोहल्लों व कालोनियों में जलभराव हो गया। मौसम विभाग की ओर से आगामी 26 अगस्त तक मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना जताई जा रही है। इस दौरान अधिकतम तापमान 29 से 32 व न्यूनतम 25 से 27 डिग्री रहने की संभावना है। बारिश से जिले में 2.36 लाख एकड़ में खड़ी बाजरे, 47 हजार एकड़ में कपास व 12 हजार एकड़ में पशुचारे व 415 एकड़ में खड़ी मूंगफली की फसलों में लाभ मिलेगा। पिछले दो सप्ताह से लगातार हुई बादलवाही के कारण कपास की फसल में हरा तेला व सफेद मक्खी का खतरा मंडरा रहा था। पिछले दो दिनों से खिली अच्छी धूप के बाद क्षेत्र के अधिकांश किसानों ने कपास की फसल में दवा का छिड़काव कर दिया है।