कनीना। गांव गोमला स्थित अपना पार्क में शुक्रवार को रामचंद्र खाद भंडार की ओर से वाटर कूलर का उद्घाटन किया गया। कृषि विभाग के उपमंडल अधिकारी डॉ. अजय यादव ने कहा कि गर्मी के मौसम में प्यासे को पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है। पहले लोग जगह-जगह प्याऊ लगाकर राहगीरों की प्यास बुझाते थे और अब उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए गांव के बीच पार्क में वाटर कूलर लगाना सराहनीय पहल है।
उन्होंने बताया कि इस वाटर कूलर से पार्क में आने वाले लोगों, बच्चों और आसपास के नागरिकों को स्वच्छ व ठंडा पेयजल मिल सकेगा। इसके अलावा रामचंद्र खाद भंडार की ओर से स्कूल के लिए सीलिंग फैन भी भेंट किए गए जिससे विद्यार्थियों को गर्मी में राहत मिलेगी।
गांव के सरपंच मिंटू गोमला ने कहा कि समाज के सक्षम लोगों को ऐसे जनहित कार्यों में आगे आना चाहिए। उन्होंने इस पहल को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इससे अन्य लोग भी समाज सेवा के लिए प्रेरित होंगे। कार्यक्रम में गांव के अनेक लोग मौजूद रहे।