पंजाब नेशनल बैंक से रुपये निकलवा कर घर लौट रहे रिटायर्ड शिक्षक पर गंदा घोल डालकर रुपयों से भरा बैग लूट लिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस लुटेरे की खोजबीन में जुटी हुई है।
सेवानिवृत्त अध्यापक भागीरथ ने बताया कि शुक्रवार को 11:15 बजे पीएनबी की शाखा से एक लाख रुपये निकलवा कर घर जा रहे थे। गाड़ी खरीदने के लिए यह राशि निकलवाई थी।
बस स्टैंड पर निजी बस खड़ी थी, इसमें भीड़ नहीं होने के कारण वह बैठ गए। इसी दौरान पास खड़े एक युवक ने शर्ट पर बच्चे की उल्टी पड़ी होने की बात कही। वह बैग को सीट पर रख गंदगी साफ करने लगा।
तभी पास खड़ा युवक चकमा देकर बैग लेकर भाग गया। सफाई के बाद जब उसने खुद को संभाला तो बैग नदारद मिलने पर यात्रियों से पूछताछ की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। उन्होंने वारदात की शिकायत तुरंत पुलिस में दर्ज करवाई।
सीसीटीवी में किया सर्च
बैंक के सीसीटीवी कैमरे में लुटेरे को सर्च किया। बैंक के नजदीक दुकानदार ने बताया कि हरी शर्ट पहना हुआ एक युवक गोठड़ी मोड़ की तरफ दौड़ता हुआ गया था। बैंक की फुटेज में रुपये निकलवाते समय हरी शर्ट पहना युवक भी खड़ा हुआ है। उसकी गतिविधियां संदिग्ध नहीं लगी। बैंक से 5-6 युवक पीड़ित के साथ बाहर निकले थे। पीड़ित ने बताया कि आरोपी युवक बैंक से ही पीछे लगा था। उसके साथ पूरी गैंग होने की संभावना है।
- सात दिन में तीन वारदात
नांगल चौधरी में पिछले दिनों स्टेट बैंक आफ पटियाला में एटीएम कार्ड बदलकर रुपये निकलवा लिए थे। इसकी तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद है। बुधवार रात अनाज मंडी में 78 कट्टे यूरिया खाद के चोरी हो गए। शुक्रवार को एक लाख रुपये लूटने की वारदात होने से दुकानदार हैरान रह गए। लूटपाट की वारदात बढ़ने से आमजन असुरक्षित महसूस करने लगा है।
कोट्स
थाना प्रभारी संदीप शर्मा ने बताया कि गंदा घोल डालकर लूट की वारदात की है। बैंक के सीसीटीवी कैमरे में आरोपी की फुटेज तलाशी गई, किंतु सफलता नहीं मिली। अन्य सूत्रों से आरोपी की खोजबीन की जाएगी।