कनीना। नगर पालिका के वार्ड-14 में रविवार को हुए उपचुनाव में मतदाताओं ने जबरदस्त उत्साह दिखाया। सुबह से ही मतदान केंद्र पर लंबी कतारें लग गईं और पूरे दिन मतदान प्रक्रिया जारी रही। कुल 670 मतदाताओं में से 590 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इससे 88.2 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
रिटर्निंग अधिकारी डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि मतदान प्रक्रिया चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष रही। मतदान शुरू होने से पहले सुबह 6 बजे मॉक पोल करवाया गया जिसके बाद 8 बजे से मतदान शुरू हुआ।
सुबह मौसम अनुकूल होने के कारण मतदाता बड़ी संख्या में केंद्र पर पहुंचने लगे। दोपहर 12:30 बजे तक ही 51 प्रतिशत मतदान हो चुका था। इसके बाद भी दिनभर मतदाताओं की आवाजाही जारी रही और शाम 6 बजे तक मतदान पूरा हुआ। इस दौरान 100 वर्षीय शांतिदेवी भी मतदान करने पहुंची।
चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। मतदान प्रक्रिया के संचालन में नायब तहसीलदार अर्जुन सिंह, प्राचार्य डॉ. विक्रम सिंह, निर्वाचन कानूनगो पूनम, नगरपालिका सचिव कपिल, ईवीएम मास्टर ट्रेनर सुधीर नारा, आंगनबाड़ी सुपरवाइजर पूजा खींची सहित कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
-
मैदान में उतरे थे छह उम्मीदवार
उपचुनाव में छह उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला ईवीएम में बंद हो गया है। उपचुनाव में बलजीत राज, सुरेंद्र, अशोक कुमार, बलजीत, प्रदीप यादव और अनूप यादव चुनाव मैदान में रहे। मतदान पितामह कान्ह सिंह धर्मशाला में कराया गया। मतदान समाप्त होने के बाद सभी पोलिंग पार्टियों ने ईवीएम मशीनें और चुनाव सामग्री राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कनीना स्थित स्ट्रांग रूम में जमा करवाई। 13 मई परिणाम घोषित किए जाएंगे।
राजेंद्र लोढ़ा की विरासत वाली सीट पर उपचुनाव
कनीना नगर पालिका के वार्ड-14 का उपचुनाव पूर्व चेयरमैन एवं पार्षद राजेंद्र सिंह लोढ़ा के आकस्मिक निधन के बाद कराया गया। 4 दिसंबर 2025 को रेवाड़ी में सड़क हादसे में उनके निधन से यह सीट रिक्त हुई थी। राजेंद्र लोढ़ा दो बार चेयरमैन रह चुके थे। पिछले चुनाव में उन्होंने 324 वोट लेकर अनूप को 100 मतों से हराया था जबकि कुल 548 वोट पड़े थे। वार्ड-14 नया वार्ड है जिसे पहले 13 वार्डों से बढ़ाकर बनाया गया था।
फोटो संख्या:71 मतदान के लिए जाती वार्ड नंबर 14 निवासी 100 वर्षीय शांतिदेवी --संवाद