नारनौल। राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के स्पेशल मॉनिटर बालकृष्ण गोयल ने कहा कि कहीं भी मानव अधिकारों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आयोग की एडवाइजरी को लागू करना सभी विभागों की जिम्मेदारी है। लोगों के अधिकारों की रक्षा करना प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी है। गोयल मंगलवार को लघु सचिवालय में अधिकारियों के साथ बैठक में कही। गोयल ने कहा कि मानव अधिकार आयोग का विशेष स्थान है। देश का मानव अधिकार आयोग पूरी दुनिया में सबसे अधिक शिकायतें सुनने वाला आयोग है।
उन्होंने कहा कि आयोग को मिलने वाली 92 फीसदी शिकायतों का निपटान किया जाता है। यही कारण है कि आयोग को इस मामले में ''''ए'''' रेटिंग मिली है। उन्होंने कहा कि आयोग केवल दिल्ली में बैठकर नजर नहीं रखता बल्कि धरातल पर उतरकर काम कर रहा है। गोयल ने कहा कि ग्लोबलाइजेशन के इस युग में अब बिजनेस राइट भी शामिल किया है।
विश्व में 16 देशों ने इस व्यवस्था को लागू किया। भारत भी उसमें शामिल है। एक ग्लोबल प्लेटफार्म शुरू हो चुका है। इन देशों में व्यापार के दौरान अगर कोई धोखा होता है तो आयोग को शिकायत कर सकता है। उन्होंने कहा कि आयोग हर प्रकार की शिकायतें सुनता है व उसका प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करता है।
आयोग सर्विस मैटर भी सुनता है। वहां हर विषय के विशेषज्ञ बैठे हैं। अधिकतम 3 माह में शिकायत का निपटारा किया जाता है। उन्होंने कहा कि कोई भी नागरिक मानव अधिकार आयोग की वेबसाइट HRCNET.NIC.IN पर शिकायत कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि मानव अधिकारों को लेकर हमेशा संवेदनशील होना चाहिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ, जिला नगर आयुक्त रणवीर सिंह, सीटीएम डॉ. मंगलसेन, डीएसपी सुरेश कुमार, सीएमओ डॉ. अशोक कुमार व जिला समाज कल्याण अधिकारी अमित शर्मा भी मौजूद थे।