सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ विचार विमर्श करते संदीप मालड़ा --फाइल फोटो
महेंद्रगढ़। गांव गढ़ी एवं बास खुड़ाना को भी अब नहरी नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। इसके लिए 2.96 करोड़ का एस्टीमेट तैयार किया गया है।
विकास एवं निगरानी समिति सदस्य संदीप मालड़ा ने बताया कि केंद्र सरकार की अटल भूजल योजना के तहत महेंद्रगढ़ खंड के विभिन्न गांवों में भूजल स्तर रीचार्ज के लिए विभिन्न गांवों में अनेक जोहड़ नहरी नेटवर्क से जोड़े जा रहे हैं। हर गांव में कम से कम एक जोहड़ को नहरी नेटवर्क से जुड़वाने की मुहिम चलाई जा रही है। इसी कड़ी में गांव गढ़ी में दो तथा गांव बास खुडाना में एक जोहड़ को नहरी नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। इसके लिए सतनाली फीडर के पंप हाउस नंबर 1 पर 3 क्यूसेक का अलग पंप लगाया जाएगा। ये पंप सोलर एवं बिजली दोनों से संचालित होगा। सोलर से चलाने से इससे बिजली की भी बचत होगी।
संदीप मालड़ा ने बताया कि गांव गढ़ी एवं बास खुड़ाना में भूजल स्तर लगातार गिरता जा रहा है। अगर यहां तीनों जोहड़ों को सतनाली फीडर बड़ी नहर से जोड़ दिया जाएगा तो इससे गिरते भूजल स्तर को रोका जा सकेगा। गांव गढ़ी में सरपंच की ढाणी एवं ढाणी श्योपुरा में एक एक जोहड़। गांव बास की जोहड़ को प्रेशराइजड पाइपलाइन के माध्यम से सतनाली फीडर बड़ी नहर से जोड़ा जाएगा। इसका ऐस्टीमेट विभाग ने पोर्टल पर अपलोड कर दिया है। आचार संहिता के हटते ही इस प्रोजेक्ट को मंजूर करवाया जाएगा।
1000 किसानों को होगा सीधा लाभ
सतनाली फीडर बड़ी नहर पर 3 क्यूसेक कैपेसिटी का पंप लगाया जाएगा ,जो बिजली एवं सोलर दोनों से संचालित होगा। गांव गढ़ी में सरपंच की ढाणी तथा ढाणी श्योपुरा में एक-एक जोहड़ भरा जाएगा और गांव बास खुडाना की जोहड़ी भी भरी जाएगी। 2.96 करोड़ की लागत से लगभग 1000 किसानों को होगा सीधा लाभ होगा।