नारनौल। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कोरियावास मेडिकल अस्पताल का नामकरण शहीद राव तुलाराम रखने की घोषणा की है। वहीं, मेडिकल कॉलेज का नाम महर्षि च्यवन ऋषि ही रहेगा। नामकरण को लेकर स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह ने मंच पर सीएम के सामने मांग रखी थी। इसके बाद सीएम नायब सैनी ने कोरियावास मेडिकल अस्पताल का नाम शहीद व तुलाराम के नाम पर रखने की घोषणा की है। कार्यक्रम के बाद स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव धरना स्थल पर पहुंची। जहां नामकरण को लेकर करीब छह माह से ग्रामीण धरने पर बैठे हुए थे। कोरियावास गांव में करीब 750 करोड़ रुपये की लागत से नया मेडिकल कॉलेज बना था। जिसके नामकरण को लेकर मई माह से कोरियावास के ग्रामीण मुख्य द्वार के सामने धरने पर बैठे हुए थे। वहीं, अनेक गांवों से भी लगातार समर्थन मिल रहा था। इसको लेकर ग्रामीणों ने लघु सचिवालय तक रोष मार्च भी निकाला था। अब मांग पूरी होने के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया है।