महेंद्रगढ़ के गांव बेरी, कुरहावटा, राजावास और दुलोठ के ग्रामीणों ने पिछले 3 दिनों से बिजली समस्या का समाधान नहीं होने पर सोमवार सुबह महेंद्रगढ़ स्थित पावर हाउस को ताला जड़कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले 3 दिनों में 100 से अधिक बार कॉल करने के बावजूद भी बिजली विभाग में कॉल रिसीव नहीं किया गया।
गांव बेरी में डेढ़ सौ से अधिक ट्यूबेल व 75 से अधिक घरों में 3 दिन से पानी नहीं पहुंचा है। ग्रामीण बोले एसडीओ सीधे मुंह बात तक करने को तैयार नहीं है। मजबूरी में उन्होंने पावर हाउस पर ताला जड़कर विरोध प्रदर्शन किया है। ग्रामीण बोले कि जब तक समस्या का समाधान नहीं होगा तब तक वह यहां से नहीं हटेंगे। वहीं ग्रामीणों की प्रदर्शन की सूचना पर महेंद्रगढ़ शहर व सदर थाना प्रभारी एसएचओ मूलचंद और एसएचओ देवेंद्र मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।