महेंद्रगढ़। गांव मांडोला के ग्रामीणों ने तहसील कार्यालय सतनाली से महेंद्रगढ़ बदलवाने की मांग को लेकर आयोजित बैठक में मंथन किया। शनिवार को बलवान फौजी की अध्यक्षता में हुई बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि हाल ही में उन्होंने तहसील कार्यालय बदलवाने की मांग को लेकर एसडीएम के माध्यम से प्रदेश सरकार को मांग पत्र भेजा था। ग्रामीणों का कहना है कि सतनाली की दूरी गांव से 18 किलोमीटर है जबकि महेंद्रगढ़ मात्र 10 किलोमीटर दूर है।
कुछ ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन की ओर से अब गांव मांडोला के तहसील कार्यालय महेंद्रगढ़ बदलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। क्योंकि चंडीगढ़ मुख्यालय की ओर से ग्रामीणों से संबंधित डाटा जुटाया जा रहा है। बलवान फौजी ने कहा कि जल्द ही ग्रामीणों की एक कमेटी बनाई जाएगी जो इस प्रक्रिया को पूरा कराने में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय व तहसीलदार के साथ मिलकर इस प्रक्रिया को जल्द सिरे चढ़ाएगी।
ग्रामीण बोले 10 की बजाए जाना पड़ रहा है 18 किलोमीटर दूर
ग्रामीणों का कहना है कि पहले गांव मांडोला की तहसील महेंद्रगढ़ होती थी लेकिन जब सतनाली को तहसील का दर्जा दिया तो अनेक गांवों को महेंद्रगढ़ से सतनाली तहसील से जोड़ दिया गया। गांव मांडोला से सतनाली की दूरी करीब 18 किलोमीटर है व महेंद्रगढ़ शहर महज 10 किलोमीटर दूरी है। गांव के लोगों को तहसील कार्यालय दूर होने के कारण अनेक परेशानियां उठानी पड़ रहीं हैं। मांडोला से सतनाली जाने के लिए बसों का अभाव है। महेंद्रगढ़ के लिए आसानी से वाहन मिल जाते हैं। ग्रामीणों की मांग है कि जल्द ही मांडोला को महेंद्रगढ़ तहसील से जोड़ा जाए जिससे ग्रामीणों को परेशानियों का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर लक्ष्मीनारायण नंबरदार, विक्रम यादव, रिंकू कुमार, रामभक्त यादव लावण, डॉ. धर्मबीर पायगा, राजू, राजबीर, विपिन कुमार, रौनक कुमार आदि मौजूद रहे।