महेंद्रगढ़। क्षेत्र के 20 से अधिक गांवों के ग्रामीणों ने गो तस्करों व अभद्रता करने वाले पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर मंगलवार को गांव मेघनवास चौक पर महापंचायत की गई। महापंचायत में वक्ताओं ने गो तस्करों को शीघ्र गिरफ्तार करने तथा कनीना थाना पुलिस कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की गई। महापंचायत की अध्यक्षता यादव सभा के पूर्व प्रधान डॉ. प्रेमराज यादव ने की। महापंचायत में प्रशासन को चेतावनी देते हुए एक सप्ताह में गो तस्करों को गिरफ्तार करने अभद्रता करने वाले पुलिस कर्मचारियों को निलंबित करने की मांग की। महापंचायत में एक 27 सदस्यों की एक कमेटी गठित की गई है। साथ ही 26 मार्च को गोरक्षकों की एक महापंचायत गांव भोजावास में आयोजित करने का निर्णय लिया। डॉ. प्रेमराज यादव ने बताया कि शनिवार रात को गो तस्कर गांव सुरजनवास की नहर के पास गायों को गाड़ी में डालकर ले जा रहे थे। इसी दौरान चंडीगढ़ से आ रहे महेंद्रगढ़ खंड के कुछ सरपंचों को गो तस्करी की सूचना मिली। गो तस्करों ने सरपंचों की गाड़ियों पर पत्थरबाजी की जिससे दो गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई। 50 मिनट तक गो तस्करों का पीछा करते रहे लेकिन पुलिस की ओर से कोई सहायता नहीं मिली। इस दौरान गो तस्कर आठ से दस गायों को चलती गाड़ी से डालकर फरार हो गए। ग्रामीण जब कनीना पुलिस थाने में इसकी शिकायत करने गए तो वहां के पुलिसकर्मियों ने उनके साथ अभद्रता की।
कमेटी में इन्हें किया गया शामिल
27 सदस्यों की कमेटी में यादव सभा के पूर्व प्रधान डॉ. प्रेमराज यादव, मांडोला के खंड प्रधान हंसराज, विनोद पाली, जिला पार्षद प्रतिनिधी रामकिशन, रविंद्र गागड़वास, पूर्व सरपंच वीरभद्र, मेघनवास सरपंच मुकेश, मुडायन सरपंच प्रदीप, सत्यवीर सिंह प्राचार्य खेड़ा, गांव सुरजनवास सरपंच संजय, खेड़ा सरपंच ओमकार, ओमप्रकाश, विनोद चेयरमैन सुरजनवास, राजेश बवानियां, बवानियां सरपंच संजीव, चितलांग सरपंच हरिओम, डुलाना सरपंच धर्मेंद्र, ओमप्रकाश, संदीप बचीनी, प्रवीण यादव सिलारपुर, दीपक चेयरमैन सुरजनवास, पाली के सरपंच देशराज, गागड़वास सरपंच अजय, माजरा खुर्द के सरपंच प्रतिनिधी प्रवीण कुमार, जोगेंद्र जोनावास, रामसिंह भांडोर नीची को शामिल किया गया।
यह दी पुलिस को शिकायत
पुलिस को दी शिकायत में गांव मुंडायन के सरपंच प्रदीप ने बताया कि 17 मार्च की रात को वह अपने साथी सुरजनवास के सरपंच संजय व बवानिया के सरपंच संदीप के साथ चंडीगढ़ से अपनी बोलेरो गाड़ी से आ रहे थे। सुरजनवास गांव की नहर के पास कुछ व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में खड़े हुए दिखाई। जब उन्होंने युवकों से यहां खड़ा होने का कारण पूछा तो उन्होंने स्पष्ट जवाब नहीं दिया। उन्होंने गांव के चारों तरफ 10 मिनट तक चक्कर लगाए। इस बीच सरपंचों को गांव से गायों को उठाने का आभास हुआ। सरपंचों ने अपनी गाड़ी से गो तस्करों का पीछा शुरू कर दिया। गो तस्कर गांव गागड़वास, बचीनी, नांगल हरनाथ सहित अन्य गांवों के चक्कर लगाते रहे। इसी बीच सरपंचों की गाड़ी पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। साथ ही गोलियों की आवाज भी आ रही थी। पत्थर लगने से उनकी गाड़ी को काफी नुकसान पहुंचा। गांव बुचावास के रेलवे क्रॉसिंग के पास में एक पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी मिली। पुलिस की गाड़ी को तस्करों का पीछा करने का भी इशारा किया। एक घंटे तक ग्रामीण व सरपंच गो तस्करों का पीछा रहे। लेकिन पुलिस की कोई सहायता नहीं मिली। इसके बाद गो तस्कर एक-एक गाय को सड़क पर डालते रहे।