फोटो 1मांगों को लेकर लघु सचिवालय में पहुंचे चंदपुरा, मुंडिया खेड़ा व गणियार के ग्रामीण।स्रोत:
मंडी अटेली। क्षेत्र के गांव चंदपुरा, गणियार, मुंडियां खेड़ा समेत आसपास के गांवों के सैकड़ों ग्रामीण सोमवार को जिलास्तरीय समस्या समाधान शिविर में पहुंचे। उन्होंने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर 22 जून को 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आने से हुई सेना के नायक मनोज कुमार की मौत के मामले में बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।
मृतक की पत्नी प्रियंका ने ज्ञापन में बताया कि वर्ष 2017 से उनके परिवार की ओर से घर के ऊपर से गुजर रही 11 केवी लाइन को हटाने के लिए बिजली विभाग के अधिकारियों को कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें दी गई थीं।
सेना के अधिकारियों के माध्यम से भी इस संबंध में अनुरोध किया गया, लेकिन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। उनका आरोप है कि इसी लापरवाही के कारण छुट्टी पर घर आए 33 वर्षीय नायक मनोज कुमार की हादसे में मौत हो गई।
ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता, दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और बिजली लाइन को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की मांग की। उपायुक्त ने बिजली विभाग के कार्यकारी अभियंता को हादसाजनक लाइन तुरंत हटाने तथा 15 दिन के भीतर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर गांव चंदपुरा सरपंच प्रतिनिधि धर्मेन्द्र, फूल सिंह पूर्व सरपंच, अभय सिंह पूर्व सरपंच, मास्टर सुबे सिंह, मुडियां खेड़ा से पीड़िता के पिता सुशील कुमार, ताऊ बंशीलाल, भाग सिंह, इन्द्रपाल सिंह व चाचा राजेश कुमार सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।